Barabanki News: बाराबंकी के पूरे गुमान कोलवा जमीन विवाद में बुजुर्ग की मौत मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
ट्रैक्टर, 5 बाइक व डंडे बरामद, मुख्य आरोपी फरार।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 18 अगस्त 2026
बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र के पूरे गुमान कोलवा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक वारदात में पुलिस ने आखिरकार कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को जमीन जोतने के विवाद में हुई मारपीट, ट्रैक्टर से कुचलने और बुजुर्ग की मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर, पांच मोटरसाइकिल और चार डंडे भी बरामद किए हैं। हालांकि, इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल अभी भी कायम है—घटना के मुख्य अभियुक्त रोशन सिंह उर्फ शिव सिंह व गुलशन सिंह समेत अन्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
इस वारदात में 70 वर्षीय शमशेर अली की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि महिलाओं और युवतियों समेत करीब 10 लोग घायल हुए थे।
30-40 लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे आरोपी, जमीन जोतने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पूरे गुमान कोलवा गांव में उस समय तनाव फैल गया जब रोशन सिंह उर्फ शिव सिंह और गुलशन सिंह, पुत्रगण विक्रमजीत सिंह, कथित तौर पर करीब 30-40 लोगों के साथ ट्रैक्टर लेकर उस्मान अली के घर के सामने पहुंचे।
आरोप है कि ट्रैक्टर से घर के सामने की जमीन जोती जाने लगी। परिवार की महिला बदरुन्निसा पत्नी रहमान ने इसका विरोध किया तो विवाद अचानक हिंसक हो गया।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, रोशन सिंह उर्फ शिव सिंह, गुलशन सिंह, श्यामजीत सिंह, राहुल सिंह, सूरज सिंह, संदीप सिंह, मोहित सिंह, कल्लू सिंह और राजबन समेत अन्य लोगों ने महिला और परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

महिला को बचाने पहुंचे लोगों पर भी हमला
बदरुन्निसा को बचाने के लिए परिवार के लोग आगे आए तो कथित तौर पर हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। मारपीट में कई लोग घायल हुए।
आरोप है कि इसी दौरान बदरुन्निसा, शमशेर, राशिद और साजिदुल को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इस हिंसक घटना में घायल 70 वर्षीय शमशेर अली की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस की कार्यशैली पर उठे थे सवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सुबेहा पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे। परिवार का आरोप था कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इस संबंध में पुलिस को शिकायतें भी दी गई थीं।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, मामले को लेकर थाने में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। परिवार का आरोप था कि यदि पुलिस ने पहले ही विवाद को गंभीरता से लिया होता तो मामला इतनी बड़ी हिंसक घटना तक नहीं पहुंचता।

‘गिरफ्तार आरोपियों को थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट’ के आरोप से गरमाया था मामला
शमशेर अली की मौत के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर एक और गंभीर आरोप लगाया था। परिवार का कहना था कि घटना में शामिल मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है और जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनके साथ थाने में सख्ती के बजाय कथित तौर पर ‘वीआईपी ट्रीटमेंट’ किया जा रहा है।
इन आरोपों के बाद सुबेहा पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई थी।

सांसद तनुज पुनिया और विपक्षी नेताओं ने भी उठाए थे कानून-व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए थे।
वहीं पूर्व विधायक राम मगन रावत और सपा नेता गौतम रावत ने भी घटना को लेकर पुलिस और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की थी।
लगातार उठ रहे सवालों के बीच पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मामले की गहनता से जांच और आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- सूरज सिंह पुत्र पृथ्वीराज सिंह, निवासी पूरे गुमान सिंह मजरे कोलवा, थाना सुबेहा, बाराबंकी।
- पृथ्वीराज सिंह पुत्र माताफेर सिंह, निवासी पूरे गुमान सिंह मजरे कोलवा, थाना सुबेहा, बाराबंकी।
- मोहित उर्फ विजय प्रताप पुत्र प्रताप बहादुर सिंह, निवासी क्रिसिया, थाना सुबेहा, बाराबंकी।
- संदीप सिंह पुत्र विनय प्रताप सिंह, निवासी पूरे अहिबरन मजरे कोलवा, थाना सुबेहा, बाराबंकी।
- कल्लू उर्फ शिवकरन पुत्र विजय बहादुर सिंह, निवासी पूरे राजावन मजरे कोलवा, थाना सुबेहा, बाराबंकी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर, पांच मोटरसाइकिल और चार डंडे बरामद किए हैं।
न्यायालय ने पांचों आरोपियों को भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद पांचों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हालांकि, मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है।
मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
पुलिस के मुताबिक मामले में गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं, लेकिन मुख्य अभियुक्त रोशन सिंह उर्फ शिव सिंह समेत अन्य नामजद/प्रकाश में आए आरोपी अभी फरार हैं।
ऐसे में अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार आरोपियों को गिरफ्तार करना है। मृतक के परिजन लगातार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पूरे गुमान कोलवा गांव में हुई इस घटना के बाद तनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद















