Barabanki News: बाराबंकी के रामनगर में धान के खेत से मिले मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। दुराचार का विरोध करने पर दुपट्टे से गला कसकर युवती की हत्या का आरोप, आरोपी सुशील कुमार गिरफ्तार। डीएनए रिपोर्ट का इंतजार।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 16 नवंबर 2026
बाराबंकी (Barabanki) के रामनगर थाना क्षेत्र में धान के खेत से मिले मानव कंकाल के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, दुराचार का विरोध करने व परिजनों को इसकी जानकारी देने की बात कहने से नाराज होकर गांव के ही युवक ने दुपट्टे से गला कसकर युवती की हत्या कर दी और शव को धान के खेत में छिपाकर फरार हो गया था।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सुशील कुमार उर्फ कटनू पुत्र रामसिंह उर्फ सिंघा निवासी सुल्तानापुर, थाना रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस, डिजिटल डेटा और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। हालांकि, बरामद कंकाल की डीएनए जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है, जिसके बाद मृतका की पहचान की वैज्ञानिक पुष्टि हो सकेगी।
धान के खेत में मिला था मानव कंकाल, कपड़ों और चप्पलों से हुई पहचान
मामला रामनगर थाना क्षेत्र के कांप फतेहउल्लापुर गांव का है। बीती 12 नवंबर को गांव के एक धान के खेत में मानव कंकाल बरामद हुआ था। मौके से कंकाल के साथ कपड़े और चप्पलें भी मिली थीं।
कंकाल मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने मौके से मिले कपड़ों और चप्पलों के आधार पर कंकाल की पहचान सुल्तानापुर निवासी मोहम्मद तुफेल की पुत्री नूर सबा के रूप में की थी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकीं। इसके बाद पुलिस ने डीएनए जांच की प्रक्रिया शुरू कराई।
दुराचार का विरोध बना हत्या की वजह, पुलिस ने बताई वारदात की पूरी कहानी
पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच और आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि नूर सबा और सुशील कुमार उर्फ कटनू के बीच घटना से कुछ दिन पहले से संपर्क था। पेशे से ड्राइवर आरोपी ने युवती को अपने एक परिचित के पास हैदराबाद पहुंचाने की बात कही थी। इस सिलसिले में दोनों के बीच कई बार फोन पर बातचीत हुई थी।
पुलिस का दावा है कि दोनों एक पूर्व निर्धारित स्थान पर मिले थे। इसके बाद ग्रामीणों की नजरों से बचने के लिए आरोपी युवती को खेतों के रास्ते ले गया। नाले के किनारे आरोपी ने युवती के साथ दुराचार का प्रयास किया।
आरोप है कि युवती ने इसका विरोध किया और परिजनों को पूरी घटना बताने की बात कही। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पहले हाथ से उसका गला दबाया और फिर उसके दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव को धान के खेत में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। कई दिन बाद उसी खेत से मानव कंकाल बरामद हुआ था।
चंदनापुर के पास से गिरफ्तार हुआ आरोपी, सर्विलांस ने खोली वारदात की कड़ियां
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मामले के अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी रामनगर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह की टीम जांच में जुटी थी।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डेटा का विश्लेषण करते हुए संदिग्ध तक पहुंचने का प्रयास किया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुशील कुमार उर्फ कटनू को चंदनापुर गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में सफलता मिली है।

दुपट्टे में मिली कसाव जैसी गांठ, डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद दुपट्टे में कसाव जैसी गांठ भी पाई गई है। इसे जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। हालांकि, कंकाल की पहचान और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच जारी है।
प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि डीएनए परीक्षण की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। मौके से बरामद कपड़ों की भी जांच कराई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर विवेचना की जा रही है।
इंस्पेक्टर अरुण प्रताप सिंह की मेहनत लाई रंग
धान के खेत में मानव कंकाल मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि घटनास्थल से ऐसा कोई प्रत्यक्ष साक्ष्य नहीं मिला था, जिसके आधार पर आसानी से आरोपी तक पहुंचा जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई थीं।
ऐसे में रामनगर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने मामले की जांच को चुनौती के रूप में लेते हुए सर्विलांस से मिले तथ्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने डिजिटल डेटा और उपलब्ध साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ते हुए संदिग्ध तक पहुंचने का प्रयास किया। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हुई।
पुलिस के अनुसार, इस मामले के अनावरण में इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव, उपनिरीक्षक ललित कुमार, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार वर्मा और कांस्टेबल सौरभ यादव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीएनए रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से सामने आएगी अंतिम तस्वीर
रामनगर के कांप फतेहउल्लापुर गांव में धान के खेत से मिले मानव कंकाल का मामला अब पुलिस की गिरफ्तारी के बाद जांच के अगले चरण में पहुंच गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने का दावा किया है, लेकिन डीएनए रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की पुष्टि अभी बाकी है।
अब देखना होगा कि वैज्ञानिक जांच में सामने आने वाले तथ्य पुलिस के खुलासे की पुष्टि करते हैं या मामले में कोई नया पहलू सामने आता है।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी

बाराबंकी एक्सप्रेस | सनसनी नहीं, सिर्फ सच
#Barabanki, #BarabankiNews, #Ramnagar, #KampFatehullahpur, #NurSaba, #MurderCase, #CrimeNews, #AccusedArrested, #UPPolice, #PoliceDisclosure, #ForensicInvestigation, #DNATest, #बाराबंकी, #रामनगर, #नूर_सबा, #युवती_की_हत्या, #दुष्कर्म_का_प्रयास, #छेड़खानी, #आरोपी_गिरफ्तार, #पुलिस_खुलासा, #मानव_कंकाल, #धान_के_खेत_में_कंकाल, #डीएनए_जांच











