Barabanki

बाराबंकी में रहस्यमयी फोन कॉल से परेशान मिठाई कारोबारी ने ट्रेन के आगे लगाई छलांग, 300 मीटर तक घिसटा शव; कर्ज और सूदखोरों के दबाव की चर्चा

SHARE:

बाराबंकी में कृष्णा स्वीट्स के मालिक अनूप गुप्ता ने फरक्का एक्सप्रेस के सामने कूदकर जान दे दी।

बनवा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुए दर्दनाक हादसे के बाद कर्ज और आर्थिक दबाव की चर्चाएं तेज, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 06 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। शहर के प्रतिष्ठित कृष्णा स्वीट्स भंडार के संचालक अनूप गुप्ता ने कथित रूप से फरक्का एक्सप्रेस के सामने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। हादसा इतना भीषण था कि तेज रफ्तार ट्रेन के इंजन के साथ उनका शव करीब 300 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे शरीर के कई हिस्से अलग हो गए। घटना के बाद पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि व्यापारिक जगत में भी गहरा दुख देखा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बनवा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के बनवा रेलवे क्रॉसिंग के निकट यह हादसा हुआ। बाराबंकी से अयोध्या की ओर जा रही ट्रेन संख्या 15744 फरक्का एक्सप्रेस के सामने एक व्यक्ति ने अचानक छलांग लगा दी।

ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण शव इंजन के साथ करीब 300 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में सिर, हाथ और पैर धड़ से अलग हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ें  Barabanki: सड़क हादसे में रेलवे अधिकारी घायल, अज्ञात वाहन ने मारी थी टक्कर; कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

घटनास्थल से बरामद हुई बाइक, फिर हुई कारोबारी की पहचान

पुलिस को घटनास्थल से UP 41 AY 2426 नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में यह बाइक हिमांशु रस्तोगी के नाम पर पंजीकृत मिली।

जांच के दौरान पुलिस ने शव की पहचान शहर के प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी अनूप गुप्ता के रूप में की। बताया गया कि सोमवार सुबह वह अपने 9 वर्षीय बेटे मनन को स्कूल छोड़ने के लिए अपने मित्र की बाइक लेकर निकले थे। बच्चे को जयपुरिया स्कूल छोड़ने के बाद वह घर नहीं लौटे और कुछ देर बाद ट्रेन हादसे की सूचना मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी घटना

रेलवे क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन धर्मेंद्र और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनूप गुप्ता मोटरसाइकिल से क्रॉसिंग पर पहुंचे। उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और ट्रेन आने से पहले रेलवे ट्रैक के पास जाकर खड़े हो गए।

जैसे ही फरक्का एक्सप्रेस नजदीक पहुंची, उन्होंने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनका शव काफी दूर तक घिसटता चला गया।

फाइल फ़ोटो – अनूप गुप्ता मृतक

शहर के प्रमुख मिठाई कारोबारियों में थी पहचान

कृष्णा नगर मोहल्ले में रहने वाले अनूप गुप्ता बाराबंकी शहर के जाने-माने मिठाई व्यवसायी थे। अपने चार भाइयों में सबसे छोटे अनूप गुप्ता बड़ेल चौराहे पर कृष्णा स्वीट्स के नाम से मिठाई की दुकान का संचालन करते थे।

उनकी बेटी भव्या गुप्ता इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की टॉपर सूची में 18वां स्थान प्राप्त कर चुकी हैं और वर्तमान में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।

यह भी पढ़ें  Barabanki: कैंसर पीड़ित मां का इलाज कराकर वापस लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही पोस्टमार्टम हाउस और उनके आवास पर व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुट गई। सभी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

कर्ज और सूदखोरों के दबाव की चर्चा

घटना के बाद शहर के व्यापारिक वर्ग में यह चर्चा भी तेज हो गई कि अनूप गुप्ता पहले किराना व्यवसाय से जुड़े थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने व्यवसाय विस्तार के लिए कथित रूप से करीब दो करोड़ रुपये ब्याज पर उधार लिए थे और लगभग छह माह पहले कृष्णा स्वीट्स नाम से नई मिठाई की दुकान शुरू की थी।

स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि हाल के दिनों में उधार देने वाले लोग लगातार अपनी रकम और ब्याज की मांग कर रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। कुछ परिचितों का कहना है कि उन्होंने अपनी आर्थिक परेशानियों का जिक्र उनसे भी किया था।

मोबाइल पर कॉल के बाद बदले हालात, जांच में जुटी पुलिस

रिश्तेदारों के अनुसार, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौटते समय अनूप गुप्ता के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। बातचीत के बाद वह काफी परेशान दिखाई दिए।

पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले उनकी किससे बातचीत हुई थी और क्या उसका इस घटना से कोई संबंध है।

पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच

जहांगीराबाद थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मोबाइल कॉल डिटेल और परिजनों से पूछताछ के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, ADM ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों का किया औचक निरीक्षण; डिजिटल प्रक्रिया पर खास जोर

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।

शहर में शोक, व्यापारियों ने जताया दुख

अनूप गुप्ता की असामयिक मृत्यु से बाराबंकी के व्यापारिक जगत में शोक की लहर है। कई व्यापारिक संगठनों ने इसे दुखद घटना बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। शहर के लोगों का कहना है कि अनूप गुप्ता अपने व्यवहार और व्यापारिक छवि के कारण काफी लोकप्रिय थे।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान अली 

बाराबंकी में ₹24 हजार के खाने के बिल पर बवाल: होटल संचालक और वकील में मारपीट, VIDEO वायरल; दोनों पक्षों के आरोपों से मामला उलझा

 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

15413
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई