सिरौलीगौसपुर-बाराबंकी।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों से दो टूक कहा है कि जनता की हर शिकायत को ध्यान से सुनें और 15 दिन के अंदर कार्रवाई जरूर करें। उन्होंने यहां तक कह रखा है कि अधिकारियों की कोशिश हर फरियादी कि समस्या का समाधान देने की होनी चाहिए ताकि लोगों के जीवन को सुखमय बनाया जा सके। लेकिन राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी ज़िले के अधिकारियों ने सीएम के इन निर्देशों का मज़ाक बना रखा है। इसका जीता जागता उदाहरण ज़िले की आरियामऊ ग्रामपंचायत में अधर में लटका चकमार्ग का निर्माणकार्य है। जो दो सालो में 02 डीएम, 06 एसडीएम और 04 बीडीओ बदलने के बाद पूरा नही हो सका है।
बाराबंकी जिले की सिरौलीगौसपुर तहसील के दरियाबाद ब्लाक की ग्रामपंचायत आरियामऊ की गाटा संख्या 380 राजस्व अभिलेखों में चकमार्ग दर्ज है। खेतों तक जाने में ग्रामीणों को हो रही समस्या के मद्देनजर प्रधान द्वारा सितंबर 2022 में मनरेगा योजना के तहत करीब 350 मीटर लंबे इस चकमार्ग की पटाई का कार्य शुरू कराया गया। दर्जनों किसानों के खेतों से होता हुआ चकमार्ग जब गांव के ही रामसहारे के खेत तक पहुंचा तो चकमार्ग पर अवैध रूप से कब्ज़ा जमाये रामसहारे अपने लड़कों दिनेश, गुड्डू, नीरज, शिवमूरत व घर की महिलाओं के साथ प्रधान व मजदूरों के खिलाफ फौजदारी पर उतर आए। जिसके चलते प्रधान को चकमार्ग पटाई का कार्य बीच मे ही रोकना पड़ गया।

आरिया मऊ गांव के किसानों की माने तो चकमार्ग का अधूरा पड़ा काम पूरा कराने के लिए बीते दो साल में बीडीओ दरियाबाद से लेकर उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर और जिलाधिकारी बाराबंकी के दरबार में दर्जनों प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है। गांव के ही हरिओम मौर्य पुत्र जगन्नाथ मौर्य ने बताया कि सितंबर 2022 से अब तक दर्जनों प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। लेकिन 02 डीएम, 06 उपजिलाधिकारी, 04 बीडीओ, 02 कानूनगो, 02 लेखपाल और 04 थानाध्यक्ष बदलने के बाद भी चकमार्ग का काम पूरा नही हो सका है। प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के नाम पर हम गांव वालो के हाथ बस आख्या ही लग सकी है।
Barabanki: चालान काटने पर बिफ़र पड़े वकील साहब, CO सिटी को जमकर सुनाई खरी खोटी!….देखे वीडियो
गांव वालों ने अपना दर्द बयान करते हुए बताया कि तहसील में जाओ तो ये ब्लॉक का काम है बोलकर अपना पल्ला झाड़ लिया जाता है। ब्लॉक में जाओ तो वहां से तहसील भेज दिया जाता है। फिर जब तहसील जाओ तो बताया जाता है ये पुलिस का काम है। पुलिस के पास जाओ तो बताया जाता बिना तहसील के आदेश व बिना राजस्व टीम के हम नहीं जायेंगे। जब लेखपाल साहब तैयार होते है तो पुलिस को टाइम नहीं रहता है और जब पुलिस खाली होती तो लेखपाल साहब व्यस्त रहते हैं। यदि आपने कोई सवाल कर दिया तो धौस और फटकार अलग से सुनना पड़ती है।

समस्या को लेकर क्या बोले ग्राम प्रधान
ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया गाटा संख्या 380 चकमार्ग हेतु सुरक्षित भूमि है। वर्ष 2022 में मनरेगा योजना के तहत चकमार्ग पटाई का कार्य शुरू कराया गया था। लेकिन अवैध कब्जेदारों के विरोध के चलते बीच में ही काम बंद करना पड़ा। मौक़े पर विवाद के चलते राजस्व व पुलिस टीम के बिना चकमार्ग की पटाई का कार्य सम्भव नही है। पुलिस व राजस्व टीम के लिए मई 2023 से लगातार समाधान दिवस के साथ साथ उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया जा रहा है। राजस्व विभाग द्वारा खानापूर्ति करते हुए पैमाइश और सीमांकन करा दिया जाता है। लेकिन आज तक पुलिस व राजस्व टीम नही मुहैया कराई जा सकी है जिसके चलते चकमार्ग पटाई का कार्य अधर में लटका हुआ है।

ग्रामीणों द्वारा दिए प्रार्थना पत्रों का विवरण
- 09 सितम्बर 2022 को उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 20 मई 2023 को संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बाराबंकी।
- 22 अगस्त 2023 उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 28 फरवरी 2024 जिलाधिकारी बाराबंकी।
- 09 अप्रैल 2024 जिलाधिकारी बाराबंकी।
- 04 मई 2024 उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 20 जून 2024 उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 02 अगस्त 2024 जनसुनवाई पोर्टल
- 20 अगस्त 2024 जनसुनवाई पोर्टल
- 04 सितंबर 2024 जनसुनवाई पोर्टल
- 04 सितंबर 2024 खण्ड विकास अधिकारी, दरियाबाद
- 25 सितंबर 2024 जनसुनवाई पोर्टल
- 19 नवंबर 2024 उपजिलाधिकारी, सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 10 जनवरी 2025 उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी।
- 19 जनवरी 2025 जनसुनवाई पोर्टल
निष्कर्ष : यहां गौरतलब यह है कि लगातार पैरवी और दर्जनों एप्लिकेशन दिए जाने के बाद भी प्रशासन अपनी सरकारी जमीन को अवैध अतिक्रमण करने वाले से मुक्त कराने में कोई रूचि नही ले रहा। ऐसे में इस बात का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि आम लोगो की निजी ज़मीनों से संबंधित विवादों में प्रशासन द्वारा कितनी तत्परता से कार्रवाई की जाती होगी। जिला प्रशासन की इस कार्यशैली को देखकर तो यही प्रतीत हो रहा है कि सरकारी और ग़रीबो की ज़मीनो से दबंग भूमाफियाओं का अतिक्रमण सिर्फ मुख्यमंत्री जी के भाषणों में ही हट रहा है, धरातल पर नही।
रिपोर्ट – कामरान अल्वी

Author: Barabanki Express
Barabanki Express News 24×7 is the most credible hindi news portal of District Barabanki. pls follow to get updates what's happening around ur City and District
2,439