बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र स्थित गेरावा मठ हनुमान मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
झाड़-फूंक करने से मना करने पर युवक पर पुजारी को पीटने का आरोप लगा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 16 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र स्थित गेरावा मठ हनुमान मंदिर में शुक्रवार शाम मारपीट की घटना सामने आई है। मंदिर के पुजारी तेजराम ने आरोप लगाया है कि झाड़-फूंक करने से मना करने पर राहुल सिंह नामक व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद घायल पुजारी ने थाना सुबेहा में शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूजा की तैयारी में व्यस्त थे पुजारी
पीड़ित पुजारी तेजराम के अनुसार शुक्रवार, 15 मई की शाम करीब 6 बजे राहुल सिंह अपने भाई और भतीजे के साथ मंदिर पहुंचा था। आरोप है कि उसने अपने भतीजे की झाड़-फूंक कराने की बात कही।
पुजारी ने बताया कि उन्होंने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह पूजा की तैयारी कर रहे हैं और झाड़-फूंक नहीं करते हैं। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया।

लोहे के ब्रेसलेट से हमला करने का आरोप
पुजारी का आरोप है कि मना करने पर राहुल सिंह ने पहले गाली-गलौज की और फिर लात-घूसों से उनकी पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावर ने हाथ में पहने लोहे के ब्रेसलेट से भी वार किया।
मारपीट में पुजारी तेजराम की नाक और मुंह से खून निकलने लगा। उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। चोटों के कारण उन्हें उठने-बैठने में भी काफी परेशानी हो रही है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुजारी तेजराम ने सुबेहा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह यादव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर घायल पुजारी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी
मंदिर परिसर में पुजारी के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद















