Barabanki: प्रेम प्रसंग की जानकारी के बाद पति को सता रहा नीले ड्रम का खौफ
Barabanki में शर्मनाक प्रेम प्रसंग: भतीजे संग भागी दो बच्चों की मां, 1.30 लाख नकदी और 3 लाख के जेवर ले उड़ीं
बाराबंकी के देवा में चाची-भतीजे का प्रेम प्रसंग: दो बच्चों की मां साजिदा 1.30 लाख नकदी, 3 लाख जेवर लेकर फरार। पति अल्लारखा ने पुलिस में तहरीर दी, तलाक की मांग।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश |15 फरवरी 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां आपसी रिश्तों को तार-तार करने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। दो मासूम बच्चों की मां अपने ही भतीजे के चक्कर में इस कदर फंस गई कि पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी संग फरार हो गई। भागते समय उसने घर से 1.30 लाख रुपये की नगदी और 3 लाख रुपये मूल्य के जेवरात भी लूट लिए। पीड़ित पति अब पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।
घटना की पूरी कहानी: पत्नी का गुप्त प्रेम प्रसंग
देवा कस्बे के मोहल्ला शेख-2 में रहने वाले अल्लारखा पुत्र बाबू वारसी ने देवा थाना पुलिस को तहरीर देकर अपना दर्द बताया है। अल्लारखा ने बताया कि करीब 15 साल पहले उनका निकाह साजिदा बानो से हुआ था, जिससे उनके दो बच्चे हैं। अल्लारखा के अनुसार साजिदा एक स्वतंत्र और आजाद ख्याल महिला हैं, जिसकी घनिष्ठता अल्लारखा के बड़े भाई ताज हुसैन के बेटे सिराज से थी। चाची-भतीजे का यह रिश्ता कब प्रेम प्रसंग में बदल गया, उन्हें इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
अल्लारखा ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को रोजी-रोटी के लिए हैदरगढ़ गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे साजिदा ने मौका पाकर घर में रखे 1 लाख 30 हजार रुपये नकदी और 3 लाख रुपये के जेवरात बटोरे। दोनों नाबालिग बच्चों को घर में छोड़कर वह अपने प्रेमी सिराज पुत्र ताज हुसैन के साथ फरार हो गई।

भतीजे ने फोन कर दी जानकारी
अल्लारखा को घटना की भनक तब लगी जब उसके दूसरे भतीजे मेराज ने फोन किया। मेराज ने बताया, “तुम्हारी बीवी दोनों बच्चों को छोड़कर कहीं चली गई। घर से जेवरात और नकदी भी गायब है।” यह सुनते ही अल्लारखा के होश उड़ गए। वह तुरंत घर लौटा और पुलिस के पास पहुंचा।
पति का दर्द: अब तलाक चाहते हैं, सता रहा नीले ड्रम का खौफ
पत्नी के प्रेम प्रसंग की पोल खुलने के बाद अल्लारखा को अब ‘नीले ड्रम’ का डर सता रहा है। वह साजिदा को वापस अपने साथ नहीं रखना चाहता। तहरीर में उसने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द साजिदा और सिराज को गिरफ्तार करे, उसके चोरी हुए जेवरात और गाढ़ी कमाई को उसे वापस लौटा दिया जाए।
पुलिस कर रही जांच
देवा थाना पुलिस मामले की जांच शुरू कर चुकी है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तथ्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद















