Barabanki

Barabanki: अपराधियों को नहीं रहा पुलिस का खौफ़! रामनगर थाने के चौकीदार को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत

SHARE:

Barabanki News: रामनगर थाने के चौकीदार राजेश यादव पर गांव लौटते समय मेंथा टंकी के पास घात लगाकर हमला किया गया।

लाठी-डंडों से घायल राजेश की इलाज के दौरान मौत, पांच नामजद।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 19 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रामनगर थाने में चौकीदार के रूप में तैनात राजेश यादव को गांव लौटते समय घात लगाकर बैठे हमलावरों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। खून से लथपथ हालत में मिले राजेश को परिजन पहले रामनगर थाने और फिर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किए गए राजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कराया।

मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

गांव लौट रहा था थाने का चौकीदार, रास्ते में घात लगाए बैठे थे हमलावर

जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के भरसवा गांव निवासी राजेश यादव रामनगर थाने में चौकीदार के रूप में तैनात थे।

यह भी पढ़ें  Barabanki: नौकरी के सपनों पर बाराबंकी पुलिस की 'रहस्यमयी FIR' का ग्रहण! कैरेक्टर सर्टिफिकेट में युवक को बना दिया विचाराधीन आरोपी, पुलिस की बड़ी चूक या बड़ा खेल?

मंगलवार शाम करीब 7 बजे राजेश रामनगर से अपने घर की ओर जा रहे थे। गांव जाने वाले मार्ग पर मेंथा टंकी के पास पहले से घात लगाकर बैठे श्रवण, कुलदीप, राम कैलाश, शुभम और बाबू समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने राजेश पर अचानक लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े।

काफी देर सड़क पर तड़पते रहे राजेश

बताया जा रहा है कि राजेश को गंभीर हालत में छोड़कर हमलावर मौके से फरार हो गए। राजेश काफी देर तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे।

इसी बीच परिवार के दो युवक बाइक से गांव लौट रहे थे। उनकी नजर सड़क पर पड़े घायल राजेश पर पड़ी। उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचना दी।

इसके बाद परिजन उन्हें अपनी मोटरसाइकिल से लेकर रामनगर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए सीएचसी रामनगर भेजा।

सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर, इलाज के दौरान मौत

सीएचसी रामनगर में चिकित्सकों ने राजेश की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और आखिरकार राजेश यादव की मौत हो गई। राजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

यह भी पढ़ें  Barabanki: 18 साल पुराने गोवध-गैंगस्टर केस में कोर्ट का अहम फैसला, सबूतों के अभाव में तीनों आरोपी दोषमुक्त; अदालत ने कहा- "मुकदमा दर्ज होना अपराध साबित होने के लिए काफी नहीं"

रामनगर पुलिस के चौकीदार की मौत से उठे सवाल

राजेश यादव खुद रामनगर थाने में चौकीदार के तौर पर पुलिस विभाग से जुड़े हुए थे। ऐसे में गांव लौटते समय उन पर हुए हमले और बाद में मौत की घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राजेश पर हमला क्यों किया गया और हमलावर पहले से रास्ते में घात लगाकर क्यों बैठे थे।

सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे, शुरू हुई जांच

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और कोतवाल अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटाई।

परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा शव, रो पड़े परिजन

बुधवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद राजेश यादव का शव गांव पहुंचा। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल रहा।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: पेट्रोल पंपों पर घटतौली रोकने के लिए डीएम का एक्शन, तीन प्रमुख फिलिंग स्टेशनों पर छापा; डिलीवरी की हुई सघन जांच

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई और कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार कराया।

पुलिस बोली—आरोपियों की तलाश जारी

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत किया गया है। घटना कारित करने वाले लोगों की तलाश जारी है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

22873
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?