बाराबंकी के मसौली क्षेत्र में 25 वर्षीय नवविवाहिता का शव मायके में संदिग्ध हालात में मिला।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 24 अप्रैल 2026
जिले के मसौली थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव उसके मायके में घर के आंगन में लगे जंगले से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
एक सप्ताह पहले मायके आई थी युवती
जानकारी के अनुसार, ग्राम नौबस्ता निवासी राजकुमार वर्मा की पुत्री डॉली का विवाह 6 फरवरी को शोभनपुरवा निवासी आकाश पटेल के साथ हुआ था।
बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल को वह अपने चाचा की पुत्री की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई थी।

शादी के बाद घर में अकेलेपन के बीच घटना
21 अप्रैल को शादी समारोह समाप्त होने के बाद अधिकांश मेहमान जा चुके थे। इसी बीच शुक्रवार दोपहर घर के आंगन में युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे भाई आयुष पटेल घर पहुंचा तो बहन को अचेत अवस्था में पाया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कराया पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मनदीप सिंह सहित पुलिस टीम ने नायब तहसीलदार अंकिता पाण्डेय की मौजूदगी में पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तहरीर का इंतजार, जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कई सवाल खड़े, जांच के बाद होगा खुलासा
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद













