बाराबंकी के रामनगर में केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास होटल पर चाय पी रहे 58 वर्षीय अधेड़ को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 07 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय अधेड़ की जान चली गई। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास हाईवे किनारे होटल पर चाय पी रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
होटल पर चाय पी रहे थे शबीर अहमद, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे रामनगर कस्बे के मोहल्ला रामनगर-3 निवासी शबीर अहमद (58) पुत्र बशीर पहलवान लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग से पहले सानू उस्मानी के होटल पर चाय पी रहे थे।
इसी दौरान घाघराघाट की ओर से तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर होटल के सामने पहुंची और शबीर अहमद को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
जिला अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल शबीर अहमद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अधेड़ की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, शिकायत का इंतजार
रामनगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की तलाश कर रही है।
केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग बनी हादसों का हॉटस्पॉट
स्थानीय लोगों का कहना है कि केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क सुरक्षा को लेकर लंबे समय से लापरवाही बरती जा रही है। यह मार्ग विश्व प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव धाम सहित रानी बाजार, सूरतगंज, मझौनी, कड़ाकापुर, इब्राहिमपुर, भटौली, लालपुर, करौता, फतेहपुर समेत सैकड़ों गांवों को जोड़ता है।
इसके बावजूद रेलवे क्रॉसिंग और हाईवे के दोनों ओर अक्सर ट्रक, डंपर और भारी वाहन खड़े रहते हैं, जिससे सड़क पार करने वाले राहगीरों को सामने से आ रहे वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी वजह से यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
लोगों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग के आसपास अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी











