बाराबंकी में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, DBT और SBI विशेष वेतन पैकेज का शुभारंभ हुआ।
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने शिक्षकों को कैशलेस कार्ड वितरित किए।
जानिए योजना के लाभ और पूरी खबर।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 08 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए एक और बड़ी सौगात दी है। बाराबंकी नगर पालिका परिषद नवाबगंज स्थित टाउन हॉल में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) तथा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत विशेष वेतन पैकेज के शुभारंभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खाद्य एवं रसद विभाग के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा ‘भुल्लन’, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक तथा एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश शाह के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों को मिलेगा कैशलेस इलाज का लाभ
राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा लंबे समय से अपेक्षित थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साकार किया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। यह योजना शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

DBT के जरिए 1320 करोड़ रुपये विद्यार्थियों के खातों में
राज्यमंत्री ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी की खरीद के लिए प्रति छात्र 1,200 रुपये की दर से करीब 1,320 करोड़ रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी गई है।
उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील भी की।
SBI देगा शिक्षकों को विशेष वेतन पैकेज और बीमा सुविधाएं
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच हुए एमओयू की भी जानकारी दी गई।
एसबीआई अधिकारियों ने बताया कि इस समझौते के तहत शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को—
- विशेष सैलरी अकाउंट
- सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ
- टर्म इंश्योरेंस
- आकर्षक बैंकिंग सुविधाएं
समेत अन्य वित्तीय लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस कार्ड और सैलरी अकाउंट
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक नदीम अब्बास रिजवी, प्रीति, रिंकी सिंह, विशाल वर्मा, दिवाकर अवस्थी, आलोक यादव, सरिता और सुनीता को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।
वहीं देवेंद्र कुमार द्विवेदी, दिलीप तिवारी, गिरजेश त्रिपाठी और मंजू को एसबीआई सैलरी अकाउंट की पासबुक वितरित की गई।
बड़ी संख्या में शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, DBT और SBI वेतन पैकेज की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राधेश्याम धीमान, नंदिता सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, जैनेन्द्र कुमार, सुनील कुमार गौड़, जिला समन्वयक पुनीत कुमार श्रीवास्तव, विनीता मिश्रा, डॉ. पीयूष कुमार श्रीवास्तव, नंदन पाण्डेय, अमित श्रीवास्तव, पंकज वर्मा, राहुल शुक्ला, आशीष पाठक, जिला स्काउट मास्टर राजेन्द्र त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग, एसबीआई के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद











