Barabanki

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: गोमती नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, एक-दूसरे को बचाने की कोशिश बनी काल

SHARE:

बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में गोमती नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों हैप्पी पांडेय और हनी पांडेय की डूबने से मौत हो गई।

एक भाई को बचाने के प्रयास में दूसरा भाई भी नदी में समा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 24 जून 2026

यूपी के बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गोमती नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक भाई को डूबता देख दूसरा उसे बचाने के लिए नदी में उतरा, लेकिन दोनों गहरे पानी में समा गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

नहाने के दौरान हुआ हादसा, बचाने गया भाई भी डूबा

जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव निवासी अशोक कुमार पांडेय के पुत्र हैप्पी पांडेय (18 वर्ष) और हनी पांडेय (14 वर्ष) बुधवार को अपने चचेरे भाई और पड़ोसी आर्यन पाल पुत्र भोला पाल के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में चलती ट्रैक्टर ट्रॉली पर गिरा सूखा पेड़: दो की मौके पर गई जान, परिवारों में मातम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

तीनों युवक औसानेश्वर मंदिर के पास स्थित घाट पर नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक भाई अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों भाई नदी में लापता हो गए।

गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर लोनीकटरा और हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया गया।

कई घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

स्थानीय गोताखोरों और पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों के शव नदी से बाहर निकाले। इसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें  लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रा की मौत पर बवाल: हॉस्टल खाने पर सवाल, VC आवास घेरकर छात्रों का प्रदर्शन

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तीन साल पहले मां का निधन, अब दोनों बेटों की मौत से टूटा परिवार

बताया जा रहा है कि मृतक भाइयों की मां का निधन करीब तीन वर्ष पहले हो चुका था। दोनों भाई बाराबंकी शहर में अपने बड़े चाचा के पास रहकर पढ़ाई कर रहे थे और मंगलवार को ही अपने पैतृक गांव बुढ़नापुर आए थे।

परिजनों को क्या पता था कि घर लौटने के अगले ही दिन दोनों बेटे हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएंगे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि गोमती नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम और गोताखोरों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: वनकोट गांव में दर्दनाक हादसा - घर के सामने खेल रहे 10 वर्षीय बालक पर चढ़ा ट्रैक्टर, इलाज के दौरान मौत; परिवार में कोहराम

गांव में पसरा मातम, नम हुईं हर आंखें

दो सगे भाइयों की एक साथ मौत की खबर से पूरे बुढ़नापुर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भारी भीड़ मृतकों के घर पर जुटी रही। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध दिखाई दिए।

रिपोर्ट – मंसूफ़ अहमद 

15 छात्रों की मौत के बाद जागा प्रशासन! बाराबंकी में कोचिंग संस्थानों की जांच, अधिकारियों ने बताया “ऑल इज वेल”; जमीनी हकीकत पर उठे सवाल

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

11961
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई