बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के इलियासपुर गांव में तालाब में नहाने गए 40 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 20 अप्रैल 2026
बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के इलियासपुर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी 40 वर्षीय सर्वेश पुत्र फूलचंद तालाब में नहाने गए थे, जहां अचानक गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गए।
ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से निकाला गया
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। भाजपा नेता व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नीरज वर्मा और ग्राम प्रधान नन्हा वर्मा के सहयोग से ग्रामीणों ने काफी देर तक खोजबीन की, जिसके बाद सर्वेश का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका।

सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलते ही लोनीकटरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गांव में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

तालाबों में नहाने के दौरान सावधानी जरूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना सुरक्षा व्यवस्था के तालाबों में नहाना खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन से भी ऐसे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद

















