बाराबंकी के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर आलापुर पुल के पास क्रेटा कार और बाइक की टक्कर के बाद अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया। दो युवकों की मौत, एक गंभीर।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 01 अक्टूबर 2026
बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर आलापुर पुल के पास बुधवार देर रात करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक क्रेटा कार और बाइक की जोरदार टक्कर के बाद सड़क पर गिरे बाइक सवारों को पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
लखनऊ से काम करके बाइक से घर लौट रहे थे तीनों युवक
जानकारी के अनुसार, रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बाजूपुरवा गांव निवासी श्रवण (38 वर्ष), धर्मराज (32 वर्ष) और अमित (30 वर्ष) टेंट लगाने का काम करते थे। बुधवार देर रात तीनों युवक लखनऊ में काम पूरा करने के बाद एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
रात करीब 11 बजे जब उनकी बाइक नगर कोतवाली क्षेत्र के आलापुर पुल के पास हुंडई कार शोरूम के सामने पहुंची, तभी लखनऊ की तरफ जा रही क्रेटा कार नंबर UP 41 AY 7626 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद करीब 200 मीटर तक घिसटी बाइक
बताया जा रहा है कि क्रेटा कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। वहीं बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे बाइक सवारों में से एक को कुचल दिया और मौके से निकल गया। हालांकि, अज्ञात वाहन की संलिप्तता को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
हादसे में दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल श्रवण, धर्मराज और अमित को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने श्रवण और धर्मराज को मृत घोषित कर दिया। वहीं अमित की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज/ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल अमित का लखनऊ में इलाज चल रहा है।
दो युवकों की मौत की खबर उनके गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टक्कर से क्रेटा कार भी हुई क्षतिग्रस्त
हादसे में बाइक को टक्कर मारने वाली क्रेटा कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार परिवार के लोगों को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए।
अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस, जांच जारी
आवास विकास चौकी प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि क्रेटा कार और बाइक सवार तीन लोगों के बीच टक्कर हुई थी। मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि यदि जांच में किसी अज्ञात वाहन की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों, क्रेटा कार की भूमिका और उस दौरान मौके से गुजरने वाले अज्ञात वाहन की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान अली
- Also Read: Barabanki News: ₹1.20 करोड़ की लागत से बनी गौशाला चार साल से बंद, जलभराव की वजह से नहीं हो सका संचालन; डीएम ईशान प्रताप सिंह ने किया निरीक्षण
- Also Read: Barabanki: जिलाधिकारी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर ही ग्राहकों को परोसी जा रही एक्सपायरी छाछ! कलेक्ट्रेट परिसर के मदर डेयरी बूथ पर अधिवक्ताओं का हंगामा, FSDA की कार्यशैली पर उठे गंभीर प्रश्न












