UP News:
लखनऊ के फोटोग्राफर बासिल हाशमी ने DCP ग्रैंड एनुअल फोटोग्राफी एंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में फूड कैटिगरी में प्रथम पुरस्कार जीता। 5000 से अधिक प्रविष्टियों में उनकी दो तस्वीरें टॉप 250 में चयनित, लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय सम्मान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
लखनऊ के उभरते और प्रतिभाशाली फोटोग्राफर बासिल हाशमी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का लोहा मनवाया है। DCP (Digital Creative Photography) ग्रैंड एनुअल फोटोग्राफी एंड फिल्म फेस्टिवल 2026 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरे वर्ष प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की है।
दो तस्वीरें टॉप 250 में शॉर्टलिस्ट
इस अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता में दुनियाभर से प्राप्त 5,000 से अधिक प्रविष्टियों में से बासिल हाशमी की दो तस्वीरों को टॉप 250 में शॉर्टलिस्ट किया गया। यही नहीं, उनकी एक उत्कृष्ट कृति ने फूड कैटिगरी में प्रथम पुरस्कार (First Prize) हासिल कर लखनऊ और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।

2024 में मिला ऑनरेरी अवॉर्ड
यह उपलब्धि बासिल हाशमी के लिए ख़ास इसलिए भी है क्योंकि इससे पहले वर्ष 2024 में उन्हें इसी फेस्टिवल में ऑनरेरी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। लगातार तीन वर्षों तक सम्मानित होना उनकी निरंतर मेहनत, रचनात्मक सोच और विकसित होती कलात्मक दृष्टि को दर्शाता है।

पद्मश्री सुधाकर ओलवे तथा रोहिंटन मेहता ने दिया सम्मान
इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल में पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान भारत के जाने-माने फोटोग्राफर और पद्मश्री से सम्मानित सुधाकर ओलवे तथा रोहिंटन मेहता ने विजेताओं को सम्मानित किया, जिससे इस उपल्ब्धि की गरिमा और बढ़ गई।
मुंबई में 9 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजन
DCP ग्रैंड एनुअल फोटोग्राफी एंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 9 से 11 जनवरी 2026 तक बॉम्बे आर्ट सोसाइटी, बांद्रा रिक्लेमेशन, मुंबई में किया गया। इस आयोजन में देशभर के प्रमुख फोटोग्राफर, विज़ुअल स्टोरीटेलर और क्रिएटिव आर्टिस्ट शामिल हुए।
युवा फोटोग्राफरों के लिए प्रेरणा
बासिल हाशमी की यह सफलता न केवल लखनऊ बल्कि पूरे देश के युवा फोटोग्राफरों के लिए प्रेरणा है। उनकी यह उपलब्धि उन्हें समकालीन भारतीय फोटोग्राफी की एक प्रभावशाली और विशिष्ट आवाज़ के रूप में स्थापित करती है।
रिपोर्ट – नौमान माजिद















