Barabanki

बाराबंकी में बिजली विभाग के ठेकेदार की लापरवाही से दर्दनाक हादसा, 8 फीट गहरे गड्ढे में दबकर मजदूर की मौत

SHARE:

बाराबंकी के मसौली में ट्रांसफार्मर की अर्थिंग का काम करते समय 8 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी धंसने से 35 वर्षीय मजदूर श्रीओम की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 08 अक्टूबर 2026

बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम मिट्टी धंसने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुल्तानपुर गांव के पास नए बस स्टॉप से पीएसी गेट नंबर-3 की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। यहां एक प्लॉट में लगे ट्रांसफार्मर के लिए अर्थिंग वायर लगाने के लिए करीब आठ फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था। इसी गड्ढे में काम करने के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और मजदूर उसके नीचे दब गया।

मृतक की पहचान श्रीओम (35) पुत्र कमलेश, निवासी रेहुवां मंसूर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मजदूर को मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

ट्रांसफार्मर की अर्थिंग के लिए खोदा गया था करीब 8 फीट गहरा गड्ढा

जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर गांव के पास नए बस स्टॉप से पीएसी गेट नंबर-3 की ओर जाने वाले रास्ते के किनारे स्थित एक प्लॉट में ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। ट्रांसफार्मर की अर्थिंग वायर लगाने के लिए बिजली विभाग के ठेकेदार की ओर से जेसीबी की मदद से करीब आठ फीट गहरा गड्ढा खुदवाया गया था।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक स्कूटी में जोरदार धमाका, दो कारें भी जलीं; बाल-बाल बचा परिवार

बुधवार शाम अर्थिंग वायर लगाने के लिए बहराइच निवासी मजदूर श्रीओम गड्ढे में उतरा था। बताया जा रहा है कि उस समय मजदूर के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं थे।

पानी से भरी जमीन के कारण अचानक धंसी मिट्टी

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक गड्ढे के आसपास की जमीन में पानी भरा हुआ था। श्रीओम जैसे ही अर्थिंग वायर लगाने के लिए गड्ढे में उतरा, उसी दौरान अचानक आसपास की मिट्टी धंस गई।

मिट्टी तेजी से धंसने के कारण श्रीओम उसमें दब गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि, घटना के बाद मिट्टी में दबे मज़दूर को बाहर निकालने के बजाय जेसीबी चालक मशीन लेकर मौके से भाग गया।

Barabanki: एक लाख की रंगदारी मांगने वाले यूट्यूबर पर संगीन धाराओं में FIR, पत्रकार को अपमानित करने का भी आरोप; मुकदमा दर्ज होते ही हुआ फरार, तलाश में जुटी पुलिस

मेट ने दी यूपी-112 को सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के समय मौके पर मौजूद ठेकेदार के मेट ने हादसे की सूचना यूपी-112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

यह भी पढ़ें  Barabanki: डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का लिया जायज़ा, सीएचसी देवा का औचक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

इसके बाद पुलिस और बचाव टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद मिट्टी के नीचे दबे श्रीओम को बाहर निकाला गया।

उसे एंबुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रीओम को मृत घोषित कर दिया।

पहचान पत्र से हुई मृतक की पहचान

पुलिस को मृतक के पास से पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान श्रीओम पुत्र कमलेश, निवासी रेहुवां मंसूर, जनपद बहराइच के रूप में की गई।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

हादसे के बाद बिजली के काम में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब आठ फीट गहरे गड्ढे में मजदूर को उतारने से पहले मिट्टी की मजबूती, पानी की स्थिति और गड्ढे की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखा गया था या नहीं, यह जांच का विषय है।

खास तौर पर गहरे गड्ढे में काम करने वाले मजदूर को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं और मिट्टी धंसने की आशंका को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती गई थीं या नहीं, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में आधी रात पुलिस का सघन चेकिंग अभियान: प्रमुख चौराहों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की हुई जांच, मचा हड़कंप

जांच के बाद ही हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और किसी व्यक्ति की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

23038
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई