बाराबंकी के मसौली थाना पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए लावारिस हालत में भटक रही महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया।
मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम की तत्परता से झारखंड निवासी महिला को बिहार से पहुंचे रिश्तेदारों के सुपुर्द किया गया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 20 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की मसौली थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए लावारिस हालत में भटक रही एक महिला को सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार डायल 112 पीआरवी को एक महिला के लावारिस हालत में भटकने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना मसौली की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम तत्काल सक्रिय हो गई।
महिला को थाने लाकर भोजन और पानी कराया उपलब्ध
वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली, उपनिरीक्षक राजकरन, अभय गुप्ता, महिला आरक्षी सविता, किरन और ज्योति मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित थाना मसौली लेकर आए।
पुलिस टीम ने महिला को भोजन और पानी उपलब्ध कराया तथा बेहद संवेदनशीलता के साथ उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम डिम्पी (37 वर्ष) निवासी डोम चाच, कोडरमा, झारखंड बताया।

पुलिस की मेहनत से परिजनों से हुआ संपर्क
मसौली पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दूरभाष के माध्यम से महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलने पर महिला के रिश्तेदार मनोहर कुमार गुप्ता पुत्र शीतल प्रसाद निवासी कस्बा एवं थाना क्रॉसिंग बाजार, जिला मुंगेर, बिहार अपनी पत्नी निशा गुप्ता के साथ थाना मसौली पहुंचे।
परिजनों ने महिला की पहचान करते हुए बताया कि उसके पति की मृत्यु के बाद से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है और वह पिछले 10 से 12 दिनों से लापता थी।
सत्यापन के बाद सुरक्षित सौंपा गया महिला को
पुलिस द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेजों और पहचान का सत्यापन करने के बाद महिला को सुरक्षित उसके रिश्तेदारों की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।
महिला के परिजनों ने मसौली थाना पुलिस की इस मानवीय और संवेदनशील कार्यवाही की खुलकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की तत्परता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं।

मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की सक्रियता बनी मिसाल
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सहायता को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय दिखाई दे रही है। मसौली थाना पुलिस की यह कार्रवाई इसी दिशा में एक सराहनीय उदाहरण मानी जा रही है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













