Barabanki: लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर दादरा इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास लिफ्ट देकर 656 ग्राम चांदी लूटने वाले दो गैरजनपदीय लुटेरों को सफदरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया।
तीन माह पुरानी वारदात का खुलासा, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद। पढ़ें पूरी खबर।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 28 फरवरी 2026
बाराबंकी जिले में तीन माह पूर्व लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ग्राम दादरा के निकट स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास लिफ्ट देने के बहाने 656 ग्राम चांदी लूटने की घटना सामने आई थी।
अब इस मामले में सफदरगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो गैरजनपदीय लुटेरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई चांदी और घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की गई है।

ज्वेलर्स कर्मचारी को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, जनपद अयोध्या के थाना पटरंगा क्षेत्र स्थित पटरंगा मंडी निवासी ज्वेलर्स व्यवसायी नीरव गुप्ता के यहां कार्यरत कर्मचारी विनय कुमार शर्मा 27 नवंबर 2025 की सुबह कस्बा रुदौली स्थित दुकान से चांदी के दो टुकड़े लेकर लखनऊ जा रहे थे।
रास्ते में लिफ्ट देने के बहाने अपाचे सवार दो युवकों ने उन्हें अपने साथ बैठा लिया। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम दादरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पेशाब करने का बहाना बनाकर आरोपियों ने चांदी और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
इस मामले में पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर सफदरगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

बस्ती जनपद के रहने वाले है आरोपी
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जनपद बस्ती के थाना लालगंज क्षेत्र के ग्राम पचीसा निवासी आकाश शर्मा पुत्र विनय प्रकाश शर्मा तथा ग्राम महसो निवासी किशन सोनी पुत्र शत्रुघन सोनी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 656 ग्राम चांदी का टुकड़ा बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई है।

तीन माह बाद खुला लूटकांड का राज़
करीब तीन महीने से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। यह कार्रवाई न केवल हाईवे पर बढ़ती लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि इससे व्यापारियों में भी सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हाईवे पर लिफ्ट लेते समय बरतें सावधानी
यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अनजान लोगों से लिफ्ट लेना या देना जोखिम भरा हो सकता है। पुलिस ने यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / नूर मोहम्मद













