Barabanki

बाराबंकी के शालीमार पैराडाइज में करोड़ों की चोरी का खुलासा: पड़ोसी ने ही रची थी साजिश, ऑडी कार से ले गए जेवर-नकदी और पिस्टल

SHARE:

बाराबंकी के शालीमार पैराडाइज चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

पड़ोसी युवक ने शेयर मार्केट में घाटे के बाद साथियों संग मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14.85 लाख रुपये नकद, जेवरात, लाइसेंसी पिस्टल और ऑडी कार बरामद की।

Barabanki

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 07 मई 2026

बाराबंकी जिले के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित पॉश कॉलोनी शालीमार पैराडाइज में हुई हाईप्रोफाइल चोरी की घटना का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और नगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर भारी मात्रा में चोरी किए गए जेवरात, 14 लाख 85 हजार रुपये नकद, एक लाइसेंसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ऑडी कार बरामद की है।

इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की पूरी साजिश पीड़ित के सामने रहने वाले युवक ने ही रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शेयर मार्केट में भारी नुकसान झेल चुका था, जिसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

परिवार के बाहर जाते ही बंद बंगले को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, शालीमार पैराडाइज निवासी अजय कुमार सिंह ने 1 मई 2026 को नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 19 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके बंगले संख्या C-05 में घुसकर लॉकर तोड़ दिया और लाइसेंसी पिस्टल, शस्त्र लाइसेंस, भारी मात्रा में नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा; डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप

तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने घटना के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की थी।

सीसीटीवी और डिजिटल सर्विलांस से खुली साजिश की परतें

पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई—

  • आकर्ष सिंह उर्फ यश (बाराबंकी/प्रयागराज)
  • ऋत्विक यादव (प्रयागराज)
  • अनुराग कथूरिया उर्फ अरमान (प्रयागराज)
  • ऋषि कुमार सोनी उर्फ चंदन (प्रयागराज)
  • पृथ्वी प्रताप सिंह उर्फ ओम (आजमगढ़)

पड़ोसी युवक निकला मास्टरमाइंड, शेयर मार्केट में घाटे के बाद बनाई चोरी की योजना

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी आकर्ष सिंह ही इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड था। वह पीड़ित अजय कुमार सिंह के घर के ठीक सामने रहता था और उसे परिवार की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।

यह भी पढ़ें  Barabanki: गांव के बाहर बदहवास हालत में मिली पेट्रोल पंप पर काम करने वाली युवती, सहकर्मी युवक पर अपहरण और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज

आरोपी ने पुलिस को बताया कि शेयर मार्केट में भारी नुकसान होने के कारण वह आर्थिक संकट में था। इसी वजह से उसने अपने साथियों अनुराग कथूरिया और पृथ्वी प्रताप सिंह के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई।

24 और 25 अप्रैल की रात आरोपी ने अपने साथी पृथ्वी प्रताप सिंह को छत पर निगरानी के लिए खड़ा किया। वह फोन के जरिए बाहर की गतिविधियों की जानकारी देता रहा, जबकि आकर्ष सिंह खुद पीड़ित के घर में घुसकर चोरी करता रहा।

चोरी के बाद पूरा सामान ऑडी कार में भरकर प्रयागराज ले जाया गया, जहां कुछ जेवर बेचने और बाकी को गलवाने की तैयारी थी।

पुलिस ने बरामद किए लाखों के जेवर, नकदी और लाइसेंसी पिस्टल

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया। बरामदगी में शामिल प्रमुख सामान—

  • 14,85,000 रुपये नकद
  • लाइसेंसी पिस्टल 7.62 बोर
  • 9 जिंदा कारतूस
  • शस्त्र लाइसेंस
  • सोने-चांदी के कई कीमती जेवर
  • महंगी ब्रांडेड घड़ियां
  • छह मोबाइल फोन
  • वारदात में इस्तेमाल ऑडी कार UP16 BN 2368

पुलिस के अनुसार बरामद किए गए जेवरात में हार, अंगूठियां, झुमके, पायल, बिछिया, पेंडेंट, मांगटीका और अन्य कीमती सामान शामिल हैं।

पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम

घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और नगर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप: धारदार हथियारों से हमला, तीन लोग घायल

इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी अजय सिंह और नगर कोतवाली प्रभारी सुधीर कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हाईप्रोफाइल कॉलोनी में चोरी से उठे थे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

शालीमार पैराडाइज जैसी पॉश कॉलोनी में हुई इस बड़ी चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न सिर्फ पूरे मामले का खुलासा किया बल्कि चोरी गया अधिकांश सामान भी बरामद कर लिया।

अब पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके अन्य संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / अली चांद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

3635
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई