बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र में जुआ पकड़ने गई पुलिस को देखकर दो जुआरियों ने गोमती नदी में छलांग लगा दी।
एक व्यक्ति बाहर निकल आया, जबकि घनश्याम साहू लापता हो गया।
पुलिस और SDRF ने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 14 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में रविवार शाम जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई उस समय सनसनीखेज मोड़ ले गई, जब पुलिस को देखकर दो जुआरियों ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। इनमें से एक व्यक्ति तैरकर बाहर निकल आया, जबकि दूसरा युवक लापता हो गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया तथा देर रात तक गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाता रहा।
जानकारी के अनुसार, कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर रविवार शाम करीब सात बजे कोठी थाने के दरोगा विशेष कुमार कुरील और पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और सभी भागने लगे।
पुलिस ने छह लोगों को दौड़ाकर पकड़ा, नकदी भी बरामद
पुलिस टीम ने पीछा कर छह जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अबू बकर निवासी सुबेहा थाना सुबेहा, आशीष कुमार मिश्र, मायाराम और सुंदरलाल निवासी सराय रावत थाना हैदरगढ़, मोहम्मद जैद निवासी सराय चंदेल थाना हैदरगढ़ तथा अयोध्या प्रसाद निवासी पजावा थाना असंद्रा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13,830 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस से बचने के लिए गोमती नदी में लगाई छलांग
छापेमारी के दौरान दो अन्य जुआरियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गोमती नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक नदी में कूदकर भागने का प्रयास कर रहे थे। इनमें से एक व्यक्ति किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि उसका साथी घनश्याम साहू पुत्र रामनेवाज निवासी सराय रावत नदी में लापता हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। स्थानीय स्तर पर तुरंत गोताखोरों को बुलाया गया और नदी में तलाश शुरू कराई गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

देर रात तक चला एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन
लापता युवक का पता न चलने पर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया। इसके बाद विशेष बचाव दल और स्थानीय गोताखोरों की मदद से गोमती नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। देर रात तक नदी और आसपास के क्षेत्रों में तलाश जारी रही, लेकिन घनश्याम साहू का कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लापता युवक की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों में चिंता, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही लापता युवक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जुआ खेलने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं नदी में कूदकर लापता हुए घनश्याम साहू की तलाश के लिए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
रिपोर्ट – मंसूफ़ अहमद











