Barabanki

बाराबंकी में जुआरियों पर पुलिस की दबिश बनी जानलेवा: सोमवार सुबह बरामद हुआ गोमती नदी में कूदे युवक का शव, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

SHARE:

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र में जुआरियों पर पुलिस की दबिश के दौरान गोमती नदी में कूदे घनश्याम साहू का शव सोमवार सुबह बरामद हुआ।

रातभर SDRF और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। छह जुआरी गिरफ्तार, 13,830 रुपये बरामद।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 15 जून 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की दबिश के बाद गोमती नदी में कूदकर लापता हुए युवक का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान घनश्याम साहू पुत्र राम अभिलाख साहू (उम्र लगभग 33 वर्ष), निवासी सराय रावत, हैदरगढ़ के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे लोगों पर हुई थी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी थी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

यह भी पढ़ें  Barabanki: एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, घूसखोर दरोगा को रंगे हाथों किया गिरफ्तार, 25 हजार की मांगी थी रिश्वत

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अबू बकर निवासी सुबेहा, आशीष कुमार मिश्र, मायाराम, सुंदरलाल निवासी सराय रावत, मोहम्मद जैद निवासी सराय चंदेल तथा अयोध्या प्रसाद निवासी पजावा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 13,830 रुपये नकद भी बरामद किए थे।

पुलिस से बचने के लिए दो लोगों ने लगाई नदी में छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस कार्रवाई के दौरान दो जुआरियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पास बह रही गोमती नदी में छलांग लगा दी थी। इनमें से एक व्यक्ति तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि घनश्याम साहू नदी की तेज धारा में लापता हो गया।

जब यह जानकारी पुलिस को मिली तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया। तत्काल स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई गई, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर उड़ती धूल बनी आफत: राहगीर और स्कूली बच्चे बेहाल, सड़क चौड़ीकरण कार्य में लापरवाही का आरोप

रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सुबह मिली लाश

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने पूरी रात गोमती नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया।

सोमवार सुबह घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर दांदूपुर गांव के पास गोमती नदी से घनश्याम साहू का शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फ़ोटो – नदी से शव निकालते SDRF के जवान

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में IGRS शिकायतों के ‘फर्जी निस्तारण’ का खेल बेनकाब: CM डैशबोर्ड चमकाने में जुटा सिस्टम, जनता दर-दर भटकने को मजबूर

ग्रामीणों में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घनश्याम साहू के शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

बाराबंकी में ₹2.27 करोड़ के जमीन सौदे में ठगी का मुकदमा: IPS अधिकारी के पिता बोले- ‘सोना बेचकर दी रकम’, पलटवार में कारोबारी ने लगाए यह गंभीर आरोप

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

9742
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई