बाराबंकी डीएम ईशान प्रताप सिंह ने मसौली के करपिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और छात्राओं के साथ एमडीएम का भोजन चखा।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 03 अक्टूबर 2026
बाराबंकी के जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने शनिवार को विकासखंड मसौली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बने स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया और कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई, भोजन, छात्रावास और विद्यालय में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्राओं के साथ मध्याह्न भोजन (एमडीएम) का भोजन भी चखा और भोजन की गुणवत्ता व मेन्यू के अनुसार तैयार किए जाने की जानकारी ली।
स्मार्ट क्लास का लोकार्पण कर छात्राओं से किया संवाद
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से बातचीत की।
डीएम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से पहाड़ा भी सुना और उनकी शैक्षणिक तैयारी के बारे में जानकारी हासिल की।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से छात्राएं अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ ही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सकती हैं।
छात्राओं के साथ बैठकर चखा एमडीएम का भोजन
कक्षाओं के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी छात्रावास पहुंचे। यहां उन्होंने मीनू के अनुसार तैयार किए गए भोजन की जांच की और छात्राओं के साथ बैठकर भोजन भी किया।
डीएम ने छात्राओं से सीधे बातचीत करते हुए पूछा कि उन्हें समय पर भोजन मिल रहा है या नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी ली कि छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री और छात्रावास में जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं या नहीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को छात्राओं को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बेहद जरूरी है। विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना, आरओ वाटर कूलर देने का आश्वासन
विद्यालय में छात्राओं की ओर से स्वागत गीत और झांसी की रानी पर आधारित काव्य नाटिका प्रस्तुत की गई। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय को आरओ वाटर कूलर उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय की पोषण वाटिका और लैब का लिया जायजा
कस्तूरबा गांधी विद्यालय के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में विकसित नौग्रह वाटिका और सिंदूर के पेड़ का निरीक्षण किया।
इसके अलावा उन्होंने विद्यालय की विभिन्न प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। लैब में रखी दूरबीन का भी उन्होंने जायजा लिया।
डीएम ने विद्यालय में संचालित नो बैग डे की गतिविधियों की भी सराहना की और बच्चों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी ली।
बच्चों के बनाए गुलाब जामुन और गरी के लड्डू चखे
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों द्वारा तैयार किए गए गरी के लड्डू और गुलाब जामुन भी चखे। उन्होंने बच्चों के प्रयास की सराहना की।
विद्यालय के बच्चों द्वारा तैयार किया गया गुलदस्ता भी जिलाधिकारी अपने साथ ले गए।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए चल रही गतिविधियों और सीखने के तरीकों को भी देखा तथा शिक्षकों से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
ये अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा, उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गूंजीता अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार गौड़, एडीओ पंचायत ब्रजेश कुमार, मदन गोपाल कनौजिया, वार्डन विभा मिश्रा, प्रधानाध्यापक अवधेश पाण्डेय समेत विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आरती मिश्रा, नीतू सिंह, कहकंशा, शहबा नाहीद, विजय राय, आनंद कुमार यादव, विनोद मिश्रा, संगीता आर्या, शौम्या वर्मा, निदा वारसी, पूनम वर्मा, स्वाती पाण्डेय और ज्योति निगम आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद
- Also Read: बाराबंकी में फर्जी आधार कार्ड बनाकर बेशकीमती जमीन बेचने की साजिश का खुलासा, तीन गिरफ्तार
- Also Read: बाराबंकी में देवा रोड ओवरब्रिज पर दर्दनाक हादसा! नो-एंट्री के बीच फर्राटा भर रहे ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर दर्दनाक मौत; परिवार में मचा कोहराम












