Barabanki: जैदपुर थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव में 30 वर्षीय महिला का शव बाग में फंदे से लटका मिला।
मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 24 फरवरी 2026
जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेहटा गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय महिला का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेहटा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव
मामला बरेहटा गांव का है। सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित एक बाग में पेड़ के सहारे एक महिला का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और चीख पुकार मच गई।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय श्रीमती (पत्नी छंगा, निवासी बरेहटा) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सूचना पर पहुंची जैदपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग जैदपुर थाना पहुंचे और गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच एक दिन पहले विवाद हुआ था।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पहले उसकी बहन के साथ मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें घटना की सूचना ससुराल पक्ष द्वारा नहीं दी गई, बल्कि गांव वालो से जानकारी मिली।
परिजनों ने थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतका के दो छोटे बच्चे हैं —एक दो वर्षीय बेटा और आठ माह की बेटी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
जिला पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / आसिफ हुसैन













