Barabanki: संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, इलाके में हड़कंप; जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र के आछेपुर गांव में 20 वर्षीय युवक रजनीकांत रावत का शव आम के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर।
बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 05 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद के बड्डूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आछेपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पश्चिम स्थित एक बाग में आम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला।
मृतक की पहचान रजनीकांत रावत पुत्र अवध बिहारी रावत निवासी आछेपुर के रूप में हुई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

सुबह बाग में गए ग्रामीणों ने देखा शव
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग बाग की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटक रहे युवक का शव पर पड़ी। इसकी खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अपने लाडले का शव देख मौके पर पहुंचे परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी लेने के साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जांच जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
कोतवाल मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
इस अचानक हुई घटना के बाद गांव में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी ठोस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी














