मसौली-बाराबंकी।
खेत मे झोपडी बना कर रह रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग की बीती रात ईंट से कुचल कर हत्या कर दी गयी। सुबह झोपड़ी में शव पड़ा देख परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारियों ने डॉग स्क्वाड एव फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया। मृतक के पुत्र ने चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर मजरे कडेरा निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग बहादुर पुत्र मंगरे काफी समय से सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सराय का स्थान मे स्थित अपनी बाग़ मे झोपडी बनाकर रहते थे। नित की भांति शुक्रवार की देर शाम घर से आया खाना खाने के बाद वृद्ध अपनी झोपडी मे सो गये।
शनिवार की सुबह खेत पहुंचे परिजनों ने देखा कि बुजुर्ग का शव बगल मे ही स्थित बाग़ मे पड़ा हुआ है। ईंट से कुचल कर की गयी हत्या के कारण शरीर पर कई गहरी चोटो के निशान बने हुए है। वृद्ध की हत्या की सूचना मिलते ही गाँव में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नरायण सिंह, क्षेत्राधिकारी सुमित त्रिपाठी ने डॉग स्क्वाड एव फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लेते हुए सभी बिन्दुओ पर जाँच शुरु कर दी है।
मृतक के पुत्र संतराम ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाते हुए सफदरगंज थाने में तहरीर दी है। जिसमे जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टाडपुरवा निवासी विट्टू उर्फ़ बब्लू, सरवन पुत्रगण श्रीकेशन, कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम् अकनपुर निवासी संग्राम सिंह पुत्र फूलचंद व गुलरिहा जैदपुर निवासी विपिन चंद्र पुत्र हरीनाथ द्वारा पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया गया है। वही मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस तहरीर सहित हत्या के अन्य कारणों की जाँच मे जुटी हुई है।