Barabanki

बाराबंकी में युवक की मौत के बाद बवाल: शव रखकर हाईवे जाम, पुलिस पर पथराव; इंस्पेक्टर समेत कई घायल, लाठीचार्ज के बाद हालात काबू

SHARE:

बाराबंकी के रामनगर में युवक की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर लखनऊ-बहराइच हाईवे जाम कर दिया।

पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज में इंस्पेक्टर अरुण प्रताप सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल। सात उपद्रवी हिरासत में।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 30 जून 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में युवक की संदिग्ध मौत के बाद मंगलवार को माहौल हिंसक हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने लखनऊ-बहराइच हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया। पुलिस के समझाने का प्रयास विफल होने पर भीड़ ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान रामनगर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह सहित कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कराया, शव का अंतिम संस्कार कराया और हाईवे पर यातायात बहाल कराया।

युवक का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

जानकारी के अनुसार, सोमवार को रामनगर थाना क्षेत्र के कटियारा गांव निवासी जितेंद्र (21 वर्ष) पुत्र कीढीलाल का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला था।

परिजनों का आरोप है कि युवक की प्रेमिका के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। इसी आरोप को लेकर परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में सड़क पर बिखरी जिंदगी: घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, परिवार में मचा कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही हाईवे पर लगाया जाम

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। हाईवे पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

पुलिस के समझाने पर भड़की भीड़, शुरू हुआ पथराव

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

इसी दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर ईंट-गुम्मों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।

कोतवाल के सिर में लगी ईंट, हाईवे पर ही हुए बेहोश

उपद्रव के दौरान रामनगर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह के सिर में ईंट लग गई, जिससे वे मौके पर ही बेहोश होकर हाईवे पर गिर पड़े।

घायल पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें सरकारी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया। इस दौरान उपद्रवियों ने सरकारी वाहन पर भी पथराव किया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी और ग्रामीण घायल

पथराव में इंस्पेक्टर अरुण प्रताप सिंह के अलावा—

  • वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव
  • कांस्टेबल शिवमोहन
  • कांस्टेबल मानवेंद्र सिंह
  • महिला हेड कांस्टेबल संगीता
  • फायर विभाग के कर्मचारी नीरज कुमार
यह भी पढ़ें  बाराबंकी के महादेवा कॉरिडोर के लिए उजड़ेंगे आशियाने: मंदिर के भव्य विकास की खुशी, लेकिन बेघर होने के डर से सहमे दर्जनों परिवार

सहित आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव और भगदड़ में कई ग्रामीणों को भी चोटें आईं।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज, उपद्रवियों को खदेड़ा

लगातार हो रहे पथराव और बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवी काफी दूर तक पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंकते रहे। इस दौरान हाईवे पर फंसे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागते नजर आए।

घटना में कई निजी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।

दो से तीन घंटे तक हाईवे पर अफरा-तफरी

हाईवे पर हुए बवाल के चलते करीब दो से तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, सीओ गरिमा पंत, जगतराम कनौजिया तथा आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराया।

इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया और हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।

सात उपद्रवी हिरासत में, गांव में भारी पुलिस बल तैनात

पुलिस ने उपद्रव और पथराव की घटना में शामिल सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है।

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में जनगणना 2027 को लेकर स्व-गणना प्रशिक्षण आयोजित: अधिकारियों ने बताया मोबाइल से घर बैठे रजिस्ट्रेशन का तरीका

पुलिस अधीक्षक ने घायलों का जाना हाल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय स्वयं घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचकर घायल कोतवाल अरुण प्रताप सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जांच जारी, हत्या और उपद्रव दोनों मामलों में होगी कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के मामले की जांच अलग से की जा रही है। वहीं, हाईवे जाम, सरकारी कार्य में बाधा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ भी साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी 

बाराबंकी में महिला से सरेआम छेड़छाड़, विरोध करने पर पति की पिटाई: प्रशिक्षु सिपाही से भी बदसलूकी, पकड़ा गया आरोपी रात में छोड़े जाने का आरोप

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

13176
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई