बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र में 3 वर्षीय लापता मासूम का शव हाजीपुर गांव के पास रजबहा नहर में मिलने से सनसनी फैल गई।
सीतापुर निवासी बच्चे की दो दिन से तलाश चल रही थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 14 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां हाजीपुर गांव के बाहर रजबहा नहर में 3 वर्षीय मासूम बालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पहचान कराई, जिसके बाद मृतक की पहचान सीतापुर जिले के थाना अटरिया क्षेत्र स्थित डेवहारा गांव निवासी दिव्यांश (03) पुत्र मेवालाल कश्यप के रूप में हुई।
परिजनों के मुताबिक मासूम दिव्यांश 12 मई 2026 की दोपहर से लापता था। बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया था। पिता मेवालाल ने तत्काल नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और रिश्तेदारों व ग्रामीणों की मदद से आसपास के गांवों में लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।

ग्रामीणों की नजर पड़ी तो सामने आया दर्दनाक सच
बृहस्पतिवार दोपहर घुंघटेर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के पास रजबहा नहर में ग्रामीणों ने एक बच्चे का शव उतराता देखा। यह दृश्य देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह शव अटरिया थाना क्षेत्र से लापता हुए मासूम दिव्यांश का है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों ने बताया कि दिव्यांश परिवार का इकलौता बेटा था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से परिवार लगातार बच्चे की तलाश में भटक रहा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि मासूम इस हालत में मिलेगा।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इलाके में पसरा मातम, हर आंख हुई नम
मासूम दिव्यांश की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। गांव में हर तरफ सिर्फ उसी घटना की चर्चा है। लोग प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी













