Barabanki: आवास विकास कॉलोनी में युवक ने ‘शोले’ के वीरू की तरह मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रेमिका को बुलाने की जिद की।
पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचकर उसे समझाने में जुटी रही।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 05 अप्रैल 2026
नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज परिसर में रविवार को उस वक्त फिल्मी अंदाज में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक ‘शोले’ फिल्म के वीरू की तरह मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
‘शोले’ के वीरू जैसा सीन, टावर पर चढ़ा युवक
शोले के मशहूर सीन की याद दिलाने वाला यह मामला बाराबंकी में सामने आया, जहां युवक नितिन रावत अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
जैसे ही लोगों ने युवक को टावर पर देखा, इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।


“जब तक लड़की नहीं आएगी, नीचे नहीं उतरूंगा”
यातायात प्रभारी रामरतन यादव ने युवक से मोबाइल पर संपर्क कर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
वह टावर के ऊपर बैठकर रोता रहा और बार-बार यही कहता रहा— “जब तक लड़की नहीं आएगी, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।”


नाबालिग युवती से प्रेम प्रसंग का मामला
जानकारी के अनुसार, नितिन रावत देवा थाना क्षेत्र का निवासी है और एक लड़की से प्रेम करता है। बताया जा रहा है कि जिस लड़की को लेकर वह टावर पर चढ़ा है, वह नाबालिग है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।


पुलिस और फायर ब्रिगेड अलर्ट, बचाव की तैयारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके।
कड़ी धूप में लंबे समय से टावर पर बैठे युवक की हालत को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
तमाशबीन बनी भीड़, पुलिस के सामने चुनौती
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।
खबर लिखे जाने तक युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ था। पुलिस लगातार प्रयास कर रही है कि उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सके और स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













