Barabanki: मंडलायुक्त व एडीजी ने किया महाशिवरात्रि मेले का निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए सख़्त निर्देश
- बाराबंकी के लोधेश्वर महादेवा धाम में चल रहे फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का मंडलायुक्त अयोध्या और एडीजी लखनऊ ने निरीक्षण किया।
- कीश्रद्धालुओं की सुरक्षा, दर्शन व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अग्नि सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 10 फरवरी 2026
जनपद बाराबंकी स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा धाम में चल रहे फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले की व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के लिए मंगलवार को अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार एवं अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) लखनऊ प्रवीण कुमार महादेवा पहुंचे। अधिकारियों ने संपूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दर्शन व्यवस्था और बैरिकेडिंग की मजबूती पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त व एडीजी ने मंदिर गर्भगृह तक जाने वाले मार्ग कर लगाई गई बैरिकेडिंग व होल्डअप व्यवस्था की मजबूती का परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी का सामना न करना पड़े।
जर्जर छज्जों और विद्युत तारों को दुरुस्त करने के निर्देश
अधिकारियों ने मंदिर परिसर में बने महल के जर्जर छज्जे के नीचे लगी जाल के ऊपर और अधिक मजबूत जाल लगवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैरिकेडिंग के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों के खुले तारों और केबलों को शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

श्रद्धालुओं से की बातचीत, व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और एडीजी ने मंदिर में आए श्रद्धालुओं से संवाद भी किया। जब अधिकारियों ने एक कांवड़िए से उसके गृह जनपद के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह जालौन से तीन दिन और दो रात की पैदल यात्रा कर लोधेश्वर महादेव के दर्शन के लिए आया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से मेले की व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए।
निकासी मार्ग, नालियों और सरोवर की सुरक्षा पर ध्यान
अधिकारियों ने मंदिर के निकासी द्वार पर नाली के किनारे बने गड्ढे को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभरण सरोवर पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। पानी की टंकी पर जाने वाली सीढ़ियों को बंद कराने के भी निर्देश दिए गए।
अग्नि सुरक्षा और सौंदर्यीकरण पर विशेष निर्देश
मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के तहत पानी और बालू रखने के निर्देश दिए गए। वही मंदिर के मुख्य द्वार के रंग-रोगन को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए भी कहा गया।
अच्छी व्यवस्थाओं पर ग्राम प्रधान की सराहना
मंडलायुक्त राजेश कुमार और एडीजी प्रवीण कुमार ने ग्राम प्रधान राजन तिवारी द्वारा मेले में की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई। अधिकारियों ने सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश देते हुए कहा दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों के साथ सहानुभूति पूर्वक व्यवहार किया जाए और जलाभिषेक में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
महादेव की पूजा-अर्चना कर मानव कल्याण की कामना
निरीक्षण के पश्चात मंडलायुक्त, एडीजी समेत सभी अधिकारियों ने लोधेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर मानव कल्याण की कामना की।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर डीआईजी अयोध्या सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, सीडीओ ए. सुदन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, सीओ गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी











