बाराबंकी में 48 घंटे के भीतर तीसरी अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
माती थाना क्षेत्र की इंदिरा नहर में महिला का शव बरामद हुआ।
इससे पहले देवा के उमरी जंगल और सफदरगंज की कल्याणी नदी में भी अज्ञात महिलाओं के शव मिले थे।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 22 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अज्ञात महिलाओं के शव मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। देवा थाना क्षेत्र के उमरी जंगल और सफदरगंज थाना क्षेत्र की कल्याणी नदी में मिले अज्ञात महिलाओं के शवों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी थी कि अब माती थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा नहर में एक और महिला का शव मिलने से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है, जबकि पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी हुई है।
इंदिरा नहर में मिला तीसरा शव, पहचान में जुटी पुलिस
माती थाना क्षेत्र के ग्राम जबरी कलां निवासी सर्वजीत पुत्र रामचंद्र यादव ने माती थाने पर सूचना दी कि इंदिरा नहर में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही निरीक्षक राजेश कुमार यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विष्णु कुमार शर्मा और महिला आरक्षी सरिता चौहान मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। महिला का रंग सांवला, शरीर इकहरा, चेहरा लंबा तथा बाल काले बताए गए हैं। शव पर नीली साड़ी, काला ब्लाउज और नीला पेटिकोट था। महिला ने दोनों पैरों में पायल, हाथों में कंगन और चूड़ियां तथा गले में लाल-सफेद मोतियों की माला पहन रखी थी। शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।

कल्याणी नदी में भी मिला था अज्ञात महिला का शव
इसी क्रम में शुक्रवार सुबह सफदरगंज थाना क्षेत्र के पास बह रही कल्याणी नदी में भी ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता देखा था। शव दिखाई पड़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन वहां भी सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

24 घंटे पहले देवा के उमरी जंगल में मिला था पहला शव
गौरतलब है कि 21 मई को देवा थाना क्षेत्र के उमरी जंगल में करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। उस मामले में भी अब तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है। लगातार तीन अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार इस प्रकार की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है और इससे जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस, लोगों में बढ़ी दहशत
बाराबंकी में लगातार अज्ञात महिलाओं के शव मिलने से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इन महिलाओं की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित अपराध या अन्य आपराधिक साजिश तो नहीं है।
फिलहाल पुलिस तीनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है। आसपास के थानों में महिलाओं की गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद














