Barabanki: रामनगर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप से करीब 11 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई।
बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे और कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 13 अप्रैल 2026
जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए पेट्रोल पंप से करीब 11 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना बाराबंकी-रामनगर हाईवे पर स्थित ग्राम दलसारांय के ओम साईं राम (ओएसआर) फिलिंग स्टेशन की है, जहां रविवार देर रात बदमाश पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस गए।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पंप पर लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ डाला फिर बदमाशों का एक साथी बोरी ओढ़ कर अंदर दाखिल हुआ और कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर रखी नगदी लॉकर समेत लेकर मौके से फरार हो गया। बदमाश की यह हरकत पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वही इस घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

बैंक बंद होने के कारण ऑफिस में रखा था लाखों का कैश
पेट्रोल पंप के मैनेजर भानु प्रताप सिंह के अनुसार, बैंक बंद होने के कारण दो दिन की बिक्री की पूरी नकदी कार्यालय में ही रखी गई थी। अनुमान है कि बदमाशों को पहले से इस बात की जानकारी थी।
इसी के चलते उन्होंने सुनियोजित तरीके से देर रात करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच इस वारदात को अंजाम दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण शुरू किया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला पूरी तरह से रेकी के बाद की गई सुनियोजित चोरी का प्रतीत हो रहा है।

FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश तेज
मैनेजर की तहरीर पर रामनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और मुख्य मार्गों पर गश्त भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
इलाके में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप जैसी जगह पर इतनी बड़ी वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी














