बाराबंकी के सुबेहा थाना क्षेत्र में एक संवेदनशील मामला सामने आया है।
एक मुस्लिम नवविवाहिता ने अमेठी निवासी हिंदू युवक पर जबरन शादी का दबाव बनाने, धमकी देने, फर्जी मुकदमे में फंसाने और पति को डराने-धमकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 31 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम नवविवाहिता ने एक युवक पर विवाह से पहले जबरन शादी का दबाव बनाने, विवाह के बाद लगातार धमकियां देने, फर्जी मुकदमे में फंसाने की कोशिश करने तथा ससुराल पक्ष को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाह से पहले बना रहा था शादी का दबाव
पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार उसका विवाह 14 अप्रैल 2026 को परिवार की सहमति से संपन्न हुआ था। महिला का आरोप है कि विवाह से पहले अमेठी जनपद के थाना इन्हौना क्षेत्र निवासी मनोज यादव लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था। वह विभिन्न माध्यमों से संपर्क कर विवाह के लिए दबाव डालता था।
महिला का कहना है कि उसने युवक के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और अपनी इच्छा व परिवार की सहमति से विवाह कर लिया। इसके बाद आरोपी कथित रूप से नाराज हो गया और उसे तथा उसके पति को लगातार परेशान करने लगा।
दरोगा बनकर पति को फोन कर जेल भेजने की दी गई धमकी
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद आरोपी ने उसके पति को फोन कर कई बार धमकियां दीं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल क्षेत्र निवासी रमन सिंह चौहान, जो कथित रूप से आरोपी का मित्र है, उसके पति के मोबाइल फोन पर कॉल कर स्वयं को पुलिस चौकी इन्हौना का चौकी प्रभारी बताता था।
पीड़िता के अनुसार फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां देकर यह कहा जाता था कि मनोज यादव ने पुलिस चौकी में शिकायत दी है, इसलिए शादी रद्द कर दी जाए और महिला को उसके पास भेज दिया जाए, अन्यथा उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा दिया जाएगा।
महिला का दावा है कि इन बातचीतों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास सुरक्षित है, जिसे वह जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध करा सकती है।
घर से उठा ले जाने की दी धमकी
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अक्सर उसके घर के पास मंडराता है और उसे घर से उठा ले जाने की धमकी दे रहा है। वह सार्वजनिक रूप से लोगों के बीच यह कहता फिर रहा है कि जैसे ही वह घर से बाहर निकलेगी, उसे जबरन उठा ले जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उसका ससुराल पक्ष भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
पीड़िता का कहना है कि इन घटनाओं के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है। परिवार को आशंका है कि आरोपी किसी भी समय कोई अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।
पति ने भी लगाए जातिगत टिप्पणी और धमकी के आरोप
पीड़िता के पति ने भी आरोपी मनोज यादव और रमन सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों लोग उन्हें लगातार धमकाते हैं और खुलेआम कहते हैं कि
“हम लोग ठाकुर और यादव हैं, कुछ भी कर सकते हैं। तुम मुसलमान हो, तुम्हारी कोई औकात नहीं है।”
पीड़ित पति का आरोप है कि इस तरह की धमकियों के जरिए उन पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है और परिवार को भयभीत करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी कई बार पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
परिवार ने सुरक्षा की लगाई गुहार
पीड़िता और उसके परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय के साये में जी रहा है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद
















