बाराबंकी में रीगल हेरिटेज होटल के पास लखनऊ हाईवे पर स्विफ्ट डिजायर और टेंपो की टक्कर में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया। कार सवारों पर नशे में ड्राइविंग का आरोप।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 18 अक्टूबर 2026
बाराबंकी में लखनऊ हाईवे पर तेज रफ्तार कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र में रीगल हेरिटेज होटल के पास हुए हादसे में लखनऊ निवासी दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवार युवकों पर शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है।
शादी समारोह से लौट रहे परिवार की टेंपो में कार ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के डालीगंज निवासी सुलेमान रविवार को अपनी पत्नी सबीना, बहन रूबी और दामाद जुऐब के साथ रिश्तेदार के यहां वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने बाराबंकी आए थे। रात करीब 8:30 बजे चारों दामाद के टेंपो नंबर UP 32 NN 1244 से लखनऊ लौट रहे थे।
लखनऊ हाईवे पर रीगल हेरिटेज होटल के पास सामने से आ रही सफेद स्विफ्ट डिजायर कार नंबर UP 32 MR 6331 ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में सुलेमान, सबीना, रूबी और जुऐब गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टक्कर के बाद कार के एयरबैग खुलने से उसमें सवार दोनों युवकों को मामूली चोटें आने की जानकारी है।

घायलों की पहचान
सुलेमान — निवासी डालीगंज, लखनऊ
सबीना — सुलेमान की पत्नी
रूबी — सुलेमान की बहन
जुऐब — सुलेमान के दामाद
कार के अंदर मिली शराब की बोतल और ग्लास
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवार दोनों युवक शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहे थे। हादसे के बाद कार के भीतर शराब की बोतल और ग्लास मिलने की बात भी कही जा रही है। यह भी बताया गया कि हादसे के बाद दोनों युवक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।


पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, हाईवे पर यातायात कराया सामान्य
हादसे की सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी अभिषेक राय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।

हादसे के बाद हाइवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे हटवाया, जिससे हाईवे पर प्रभावित यातायात सुचारू हो सका।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान अली
- Also Read: Barabanki: एक लाख की रंगदारी मांगने वाले यूट्यूबर पर संगीन धाराओं में FIR, पत्रकार को अपमानित करने का भी आरोप; मुकदमा दर्ज होते ही हुआ फरार, तलाश में जुटी पुलिस
- Also Read: Barabanki: जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, लाठी-डंडों से मारपीट का VIDEO वायरल; राजस्व प्रशासन पर फिर लगे गंभीर आरोप












