Barabanki: मसौली पुलिस ने गौवंशीय पशुओं का वध कर मांस तस्करी करने वाले गैंग का खुलासा किया।
मसौली पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, कई घटनाओं का किया खुलासा।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 26 मार्च 2026
बाराबंकी जिले में गौवंशीय पशुओं का वध कर मांस तस्करी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मसौली और सफदरगंज थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं से परेशान पुलिस ने इस गैंग का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

कई घटनाओं में शामिल था गैंग
लगातार हो रही थी गौहत्या की वारदातें
पुलिस के अनुसार, यह गैंग लंबे समय से छुट्टा और पालतू गौवंशीय पशुओं को निशाना बना रहा था।
बताया गया कि 17/18 फरवरी की रात सफदरगंज थाना क्षेत्र के चंदनपुर मजरे नसीरनगर निवासी छोटेलाल कनौजिया की गाय चोरी कर खेत में वध कर मांस ले जाया गया था।
इसके एक सप्ताह पहले ग्राम रसौली निवासी रामविलास प्रजापति की पालतू गाय का भी नाले के पास वध कर मांस तस्करी की गई थी।
वहीं, 17 मार्च की रात मसौली थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी राकेश यादव की दुधारू गायों को भी इसी गैंग ने निशाना बनाया था।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा गैंग
सुराग मिलने पर की गई घेराबंदी
लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की।
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शमशाद अली, उपनिरीक्षक राजकरन सिंह समेत पुलिस टीम को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने नर्सरी चौराहे के पास से चारों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश उर्फ कालिया, अब्दुल हसीम उर्फ बौनिया, सलमान पुत्र नूर मोहम्मद (निवासी जमालपुर बंजारनपुरवा, धरौली) तथा गुलाम शाकिर उर्फ सलमान निवासी कैंट थाना क्षेत्र, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पहले भी हुआ था मुठभेड़ में एक आरोपी गिरफ्तार
10 हजार का इनामी बदमाश पहले ही पकड़ा जा चुका
गौरतलब है कि इससे पहले 22 मार्च की रात मसौली पुलिस ने बांसा निवासी 10 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी उस्मान उर्फ कलेजी को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया था।
उसकी गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने में सफलता मिली।

इलाके में राहत, पुलिस की कार्रवाई सराहनीय
गैंग के खुलासे के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
लगातार हो रही गौहत्या की घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश था, लेकिन अब पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद
ओवरब्रिज की मांग को लेकर क्यों सड़क पर उतरी जनता? देखे खास रिपोर्ट











