बाराबंकी में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर भाजपा महिला मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के आवास के बाहर दूसरे दिन भी जोरदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने तिरंगा और नारेबाजी के साथ कांग्रेस और सपा पर महिलाओं के अपमान का आरोप लगाया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 11 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। संसद में महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किए जाने के आरोपों को लेकर आक्रोशित महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार दूसरे दिन कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तिरंगा और विरोधी पट्टिकाएं लिए महिलाओं ने धरना स्थल से सांसद आवास तक मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पूरे इलाके में राजनीतिक माहौल गर्म रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को सांसद आवास की ओर बढ़ने से रोका गया। इसके बावजूद महिलाएं “नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”, “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद”, “तनुज पुनिया शर्म करो”, “नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में” जैसे गगनभेदी नारे लगाती रहीं।

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
धरना प्रदर्शन में शामिल भाजपा महिला मोर्चा और पार्टी पदाधिकारियों ने कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी पर महिलाओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रचना श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ मानसिकता को दर्शाता है।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक विधेयक का विरोध करना महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया से दूर रखने की पुरानी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिलाओं की वास्तविक भागीदारी नहीं चाहते।

“महिलाओं को राजनीति में बराबरी मिले” — प्रदर्शनकारी महिलाएं
प्रदर्शन में शामिल सरोज रावत ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्षी दलों ने देश की करोड़ों महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। वहीं उर्मिला रावत ने कहा कि अब देश की महिलाएं जाग चुकी हैं और अपने अधिकारों के खिलाफ किसी भी राजनीतिक दोहरेपन को बर्दाश्त नहीं करेंगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक प्रतिनिधित्व मिलना देश के विकास के लिए आवश्यक है और इसका विरोध दुर्भाग्यपूर्ण है।

भारी पुलिस बल रहा तैनात
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सांसद आवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया था। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
प्रदर्शन में जिला महामंत्री विजय आनंद बाजपेई, नीता अवस्थी, अलका मिश्रा, गुलजार बानो, सरिता सिंह, सरोज रावत, सविता रावत, सुनीता रावत, गुंजन शर्मा, उर्मिला रावत, निर्मला रावत, सरिता वर्मा, नवीन राठौर, वैभव मिश्रा, राकेश सिंह पटेल, सूरज सिंह, संदीप बाल्मीकि, कुशाग्र श्रीवास्तव, राहुल बाल्मीकि, अरुण रावत समेत सैकड़ों महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद














