Barabanki News: बाराबंकी के असंद्रा में ट्रैक्टर व्यापारी के घर करीब 19 लाख की चोरी के 10 दिन बाद भी खुलासा नहीं हुआ।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच के बावजूद चोरों का सुराग नहीं मिला।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 07 अगस्त 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात के करीब 10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। असंद्रा कोतवाली क्षेत्र के निधान पुरवा मजरे खुशेहटी गांव में ट्रैक्टर व्यापारी के घर हुई करीब 19 लाख रुपये की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लाखों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए चोरों का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है।
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी, लेकिन कई दिन गुजरने के बावजूद न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी और न ही चोरी का माल बरामद हुआ। इससे इलाके के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे चोर
जानकारी के अनुसार, 28/29 जुलाई 2026 की रात असंद्रा कोतवाली क्षेत्र के निधान पुरवा मजरे खुशेहटी गांव निवासी ट्रैक्टर व्यापारी महेंद्र प्रताप सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया।
बताया गया कि चोर रात के समय मकान की छत पर पहुंचे और सीढ़ी के रास्ते घर के अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने घर में रखी आलमारी और तिजोरी को तोड़कर उसमें रखी नकदी और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
तीन लाख रुपये नकद और करीब 16 लाख के जेवर चोरी
परिजनों के मुताबिक, चोर घर से करीब 3 लाख रुपये की नकदी और लगभग 16 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए।
सुबह जब गृहस्वामी की नींद खुली तो घर में सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच, लेकिन नहीं मिला सुराग
घटना की सूचना मिलने के बाद असंद्रा पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
घटना के बाद उम्मीद थी कि पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुंच जाएगी, लेकिन करीब 10 दिन बीत जाने के बाद भी मामले में कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है।
10 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में एक बड़ी चोरी की वारदात का लंबे समय तक खुलासा न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है।
लोगों का सवाल है कि जब घटनास्थल से पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की थी, तो अब तक चोरों की पहचान और गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी?
चोरी का खुलासा कब होगा?
करीब 19 लाख रुपये की इस चोरी में अभी तक पुलिस के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी है। ऐसे में पीड़ित परिवार को अपने सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।
वहीं, स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर है। क्या पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुंचकर इस वारदात का खुलासा कर पाएगी या मामला लंबी जांच में उलझा रहेगा? यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
रिपोर्ट – मंसूफ़ अहमद














