Barabanki: रामनगर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ओला कार की टक्कर से साइकिल सवार 60 वर्षीय विजय कुमार तिवारी की मौत हो गई।
हादसे के बाद ओला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शव को लावारिस में दर्ज किए जाने से भड़के परिजन, जिला अस्पताल में जमकर किया हंगामा

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 22 फरवरी 2026
बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा रविवार शाम करीब चार बजे ब्लॉक कार्यालय के सामने हुआ, जहां तेज़ रफ़्तार ओला कार ने बुजुर्ग की साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक और कार में सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
साप्ताहिक बाज़ार जा रहे थे मृतक बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बरियारपुर निवासी 60 वर्षीय विजय कुमार तिवारी पुत्र रामखेलावन साइकिल से साप्ताहिक बाज़ार सामान लेने जा रहे थे।

लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्लॉक कार्यालय के सामने सड़क पार करते समय बहराइच की ओर जा रही तेज़ रफ़्तार ओला कार ने उन्हें पीछे से ज़ोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय तिवारी साइकिल समेत हवा में उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अनियंत्रित कार भी डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
यातायात प्रभावित, पुलिस ने हटवाई क्षतिग्रस्त कार
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

जिला अस्पताल में परिजनों का हंगामा
जिला अस्पताल में मृतक को बिना किसी परिजन के लाए जाने के कारण लावारिस में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मृत्यु के बाद नियमानुसार शव को मर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया।
सूचना मिलने पर ट्रामा सेंटर पहुंचे परिजनों ने शव को लावारिस में दर्ज किए जाने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे अस्पताल चौकी प्रभारी ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शान्त कराया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फरार ओला चालक की तलाश जारी
पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार ओला चालक की तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज़ रफ़्तार वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद / उस्मान













