सड़क किनारे झाड़ियों में एक महिला का अर्धनग्न अवस्था मे शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस और अधिकारियो ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। महिला कौन है और उसकी हत्या कैसे हुई अभी इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। पुलिस ने छानबीन के बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेज दिया। पुलिस ने महिला के शव की शिनाख्त के तमाम प्रयास किये लेकिन अभी तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मामला बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के भानपुर कोठी चौराहे के पास का है। यहां मंगलवार की सुबह खेत पर काम के लिए निकले स्थानीय लोगों को झाड़ियों में एक महिला का अर्धनग्न शव पड़ा दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस व अधिकारियों ने मामले की छानबीन की लेकिन महिला का शव सड़ गल जाने के चलते महिला की उम्र और पहचान नही हो सकी। अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत 15 से 20 दिन पहले हुई है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कही और करने के बाद उसके शव को यहां लाकर ठिकाने लगा दिया गया है। वहीं इस वारदात पर अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नरायन सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।