Barabanki

बाराबंकी में स्वच्छ भारत मिशन की योजना पर सवाल: रेहुरा में अधूरा पड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र, सालों से निर्माण ठप

SHARE:

बाराबंकी के हैदरगढ़ ब्लॉक की रेहुरा ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बन रहा कूड़ा निस्तारण केंद्र अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 30 सितंबर 2026

बाराबंकी जिले के विकास खंड हैदरगढ़ की ग्राम पंचायत रेहुरा में स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाया जा रहा कूड़ा निस्तारण केंद्र वर्षों से अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य आधा-अधूरा कराने के बाद इसे लंबे समय से छोड़ दिया गया है। केंद्र का भवन अब घास-फूस और झाड़ियों से घिरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने और घरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण के उद्देश्य से कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण कराया जा रहा था। इसके तहत केंद्र परिसर में टैंक और नाडेप का निर्माण भी कराया जाना था, लेकिन निर्माण पूरा नहीं होने से योजना का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।

अधूरा पड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र, झाड़ियों से घिरा परिसर

ग्राम पंचायत रेहुरा में कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था विकसित करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण शुरू कराया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक निर्माण कार्य शुरू होने के बाद कुछ काम कराया गया, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका।

कई महीनों से काम बंद होने के कारण निर्माण स्थल पर घास-फूस और झाड़ियां उग आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि केंद्र का निर्माण पूरा हो जाता और इसका संचालन शुरू होता तो गांव में घरों तथा अन्य स्थानों से निकलने वाले कूड़े-कचरे के निस्तारण की व्यवस्था बेहतर हो सकती थी।

Barabanki: कोतवाली के अंदर दो सिपाहियों में जमकर मारपीट, 3 हफ्ते तक मामला दबाएं रहे SHO; वीडियो वायरल होने पर एसपी ने किया लाइन हाजिर

ग्रामीणों ने जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की

ग्रामीणों के मुताबिक गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण जरूरी है। उनका कहना है कि आधा-अधूरा निर्माण छोड़ दिए जाने से सरकारी योजना का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें  चांदनी कुरैशी से शादी के बाद ‘घर में नजरबंद’ आयुष मलिक को हाई कोर्ट ने किया आज़ाद, धर्म और जीवनसाथी चुनने के अधिकार पर की यह अहम टिप्पणी

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराकर अधूरे निर्माण को जल्द पूरा कराने और कूड़ा निस्तारण केंद्र का संचालन शुरू कराने की मांग की है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बोले- भुगतान नहीं मिलने से रुका निर्माण

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सनद तिवारी ने बताया कि कूड़ा निस्तारण केंद्र के निर्माण के लिए अभी तक कोई भुगतान नहीं मिला है। उनके अनुसार अधिकारियों की ओर से कहा गया था कि पहले निर्माण कार्य करा दिया जाए, इसके बाद भुगतान कर दिया जाएगा।

प्रधान प्रतिनिधि के मुताबिक अधिकारियों के भरोसे पर उधार में निर्माण सामग्री लेकर काम शुरू कराया गया था। लेकिन खरीदी गई सामग्री का भुगतान बकाया होने के कारण अब दुकानदार आगे सामग्री देने को तैयार नहीं हैं। इसी वजह से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: गणतंत्र दिवस से पहले एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, नागरिकों एवं व्यापारियों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा

उन्होंने कहा कि यदि निर्माण सामग्री के लिए भुगतान की व्यवस्था हो जाए तो अधूरे कार्य को आगे बढ़ाया जा सकता है।

Barabanki News: 16 साल की नाबालिग की दो माह पहले हुई शादी, 7 माह की प्रेग्नेंसी ने उड़ाए ससुराल वालों के होश; थाने में पंचायत के बीच गूंजी नवजात की किलकारी

नए पंचायत सचिव ने कहा- जानकारी लेने के बाद बताएंगे स्थिति

इस मामले में ग्राम पंचायत के पंचायत सचिव चंद्रेश कुमार से बात की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें हाल ही में ग्राम पंचायत का चार्ज मिला है। उन्होंने कहा कि वह संबंधित टीए (तकनीकी सहायक) से बात कर निर्माण कार्य से जुड़ी जानकारी प्राप्त करेंगे। इसके बाद ही वह मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी दे पाएंगे।

एडीओ पंचायत बोले- हो सकता है बजट के अभाव में रुका हो काम

वहीं, जब एडीओ पंचायत, हैदरगढ़ से कूड़ा निस्तारण केंद्र के निर्माण की शुरुआत और निर्धारित समयावधि के बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि सरकारी कार्यों की कोई निश्चित समयावधि नहीं होती है।

उन्होंने संभावना जताई कि बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्माण कार्य रुका हो सकता है। एडीओ पंचायत ने सही जानकारी के लिए पंचायत सचिव से संपर्क करने की बात कही।

कूड़ा प्रबंधन की योजना, लेकिन अधूरा केंद्र बना सवाल

गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और घरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे के उचित प्रबंधन के लिए कूड़ा निस्तारण केंद्रों की व्यवस्था विकसित की जा रही है। ऐसे में रेहुरा में केंद्र का निर्माण अधूरा रहना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें  Barabanki News: "नशे में धुत होकर घर में घुसे, जेवर-मोबाइल कर दिए गायब"—महिला ग्राम प्रधान ने चौकी इंचार्ज पर लगाए संगीन आरोप; मचा हड़कंप

ग्रामीणों का कहना है कि यदि केंद्र का निर्माण पूरा कराकर उसका नियमित संचालन शुरू किया जाए तो गांव में कूड़ा प्रबंधन की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।

अब देखना यह है कि संबंधित विभाग अधूरे पड़े निर्माण कार्य को कब तक पूरा कराता है और रेहुरा में कूड़ा निस्तारण केंद्र का संचालन कब शुरू हो पाता है।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

22983
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?