Barabanki

Barabanki News: बुलेट की टक्कर से घायल महिला की मौत, आरोपी पर कार्रवाई न होने से भड़के परिजन; हाईवे पर प्रदर्शन का किया प्रयास

SHARE:

Barabanki News: बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में बुलेट बाइक की टक्कर से घायल महिला नौरीन बानो की इलाज के दौरान मौत हो गई।

आरोपी पर कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर हाईवे पर प्रदर्शन की तैयारी की।

पुलिस के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार कराया गया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 05 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के लोनीकटरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बुलेट बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई 25 वर्षीय महिला नौरीन बानो ने इलाज के दौरान लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का शव गांव पहुंचा तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और ग्रामीणों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करने की तैयारी कर ली। पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप और निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ तथा महिला का अंतिम संस्कार कराया गया।

सड़क पार करते समय बुलेट बाइक ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र के लोनीकटरा गांव निवासी नौरीन बानो (25) रविवार शाम अपनी तीन माह की मासूम बच्ची को गोद में लेकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक बुलेट मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में जयमाल के बाद शादी में बवाल: जेवर और बाइक को लेकर भिड़े वर-वधू पक्ष, दुल्हन बोली—“शादी नहीं हुई तो जान दे दूंगी”

टक्कर इतनी भीषण थी कि नौरीन बानो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि उनकी गोद में मौजूद तीन माह की बच्ची उछलकर सड़क किनारे जा गिरी। राहत की बात यह रही कि बच्ची को केवल मामूली चोटें आईं और उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

सीएचसी से जिला अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर किया गया रेफर

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल महिला और बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नौरीन बानो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ स्थित केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां कई दिनों तक इलाज चला। मंगलवार तड़के उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार

मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही नौरीन बानो का शव गांव पहुंचा, पूरे परिवार में मातम छा गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद भी दोषी बाइक चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

यह भी पढ़ें  Barabanki: अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज की हॉकी टीम का कमाल, सुल्तानपुर को 2-0 से हराकर प्रदेशीय प्रतियोगिता में बनाई जगह

गुस्साए परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ग्रामीणों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी।

परिजनों का आरोप- पुलिस आरोपी को थाने ले गई, फिर छोड़ दिया

मृतका के परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के समय डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस कर्मियों ने आरोपी बुलेट चालक को अपने साथ थाने ले जाने की बात कही थी, लेकिन बाद में बिना किसी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया गया।

परिजनों का कहना है कि पुलिस आरोपी का नाम और पता बताने के बजाय पूरे मामले को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज करने की बात कर रही है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती दिखाई दे रही है।

पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर शांत हुए परिजन

घटना की सूचना मिलते ही लोनीकटरा थाना प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें  बाराबंकी में बीडीओ आलोक वर्मा का पदोन्नति के साथ तबादला: बिजनौर में मिली नई जिम्मेदारी, भावभीनी विदाई में छलके जज्बात

पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और महिला का अंतिम संस्कार कराया गया।

पुलिस का बयान

लोनीकटरा पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दुर्घटना से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट – मंसूफ अहमद 

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

19847
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई