बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र में सीएचसी अधीक्षक की फॉर्च्यूनर की टक्कर से स्विफ्ट कार खाई में पलट गई।
हादसे में 45 वर्षीय राम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 08 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 45 वर्षीय कार चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घुंघटेर के अधीक्षक की फॉर्च्यूनर ने पीछे से स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीछे से फॉर्च्यूनर की टक्कर, खाई में पलटी कार
जानकारी के अनुसार सिकटिया निवासी राम सिंह (45 वर्ष) बुधवार शाम ओदरिया प्लांट से अपनी स्विफ्ट कार (UP 32 RJ 1518) से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि टिकैतगंज-घुंघटेर मार्ग पर सरैया मोड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रही सीएचसी घुंघटेर के अधीक्षक डॉ. आर.पी. वर्मा की फॉर्च्यूनर ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार सड़क से नीचे खाई में जाकर पलट गई। हादसे के समय राम सिंह कार के अंदर ही दब गए। हादसे के बाद फॉर्च्यूनर वाहन मौके से भाग निकला।

ग्रामीणों ने निकाला बाहर, जिला अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद राम सिंह को कार से बाहर निकाला।
गंभीर रूप से घायल राम सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राम सिंह की मौत की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अपने पीछे 14 वर्षीय बेटी आराध्या और 10 वर्षीय पुत्र अविनाश को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बोली- तहरीर मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई
घुंघटेर थाना प्रभारी अभय कुमार मौर्या ने बताया कि घायल कार चालक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि दुर्अघटना करने वाले फॉर्च्यूनर वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – ललित राजवंशी











