बाराबंकी के रामनगर में प्रेमिका को लेकर थाने जा रहे युवक की टैंकर की टक्कर से मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
दोनों बहराइच के रहने वाले थे और प्रेम संबंध के चलते घर से निकले थे।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 01 जुलाई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत सड़क हादसे में हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र में लखनऊ-बहराइच हाईवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे। युवती के परिजनों द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद दोनों थाने जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दुर्गापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक को मारी टक्कर
यह हादसा रामनगर थाना क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दुर्गापुर मोड़ के पास बुधवार सुबह हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक और युवती कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेजा।

अस्पताल पहुंचते ही युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में चिकित्सकों ने बाइक सवार युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान अनिकेत (20 वर्ष) पुत्र रामसुमेर निवासी छेदीपुरवा बटुरहा, थाना फखरपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
घायल युवती की पहचान संतोषी वर्मा पुत्री प्रेम कुमार निवासी रोशनलाल पुरवा, थाना फखरपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
दोनों के बीच था प्रेम संबंध, परिवार था रिश्ते के खिलाफ
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अनिकेत का अपने बड़े भाई शोभित की साली संतोषी वर्मा से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने संतोषी का विवाह किसी अन्य युवक के साथ तय कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद अनिकेत संतोषी को अपने साथ लेकर चला गया और दोनों रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर स्थित अपने दूसरे भाई मस्तराम की ससुराल पहुंच गए।
पुलिस के दबाव में थाने जा रहे थे, रास्ते में हो गया हादसा
युवती के परिजनों ने उसके घर से भाग जाने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी थी। पुलिस द्वारा युवती को हाज़िर करने का दबाव बनाने के बाद अनिकेत और संतोषी दोनों फखरपुर थाने जाने के लिए बाइक से निकले थे।
इसी दौरान दुर्गापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, टैंकर चालक की तलाश
घटना के बाद रामनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही टक्कर मारने वाले टैंकर और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी











