बाराबंकी के बेलहरा में मोहर्रम के अवसर पर आशूरा का जुलूस अकीदत और गमगीन माहौल में निकाला गया।
“या अली-या हुसैन” की सदाओं के बीच ताजिए कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए। सुरक्षा और पेयजल के विशेष इंतजाम रहे।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 26 जून 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले की नगर पंचायत बेलहरा में दसवीं मोहर्रम (आशूरा) के अवसर पर हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) और कर्बला के शहीदों की याद में अकीदत और गमगीन माहौल के बीच विशाल आशूरा जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अजादारों ने हिस्सा लिया और मातम व नौहाख्वानी के माध्यम से कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए।
इमामबाड़ा से शुरू होकर कर्बला तक पहुंचा जुलूस
आशूरा का जुलूस स्थानीय किले एवं इमामबाड़ा से शुरू हुआ। जुलूस पुरानी पुलिस चौकी, मुख्य बाजार और लच्छीपुर चौराहा होते हुए कर्बला पहुंचा। पूरे मार्ग में “या अली, या हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं। अंजुमनों के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से छुरी और जंजीरों का मातम कर कर्बला के शहीदों को याद किया।
कर्बला पहुंचने के बाद ताजियों को नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान पूरे वातावरण में गम और अकीदत का भाव देखने को मिला।
राहगीरों और अजादारों के लिए पानी की विशेष व्यवस्था
भीषण गर्मी को देखते हुए जुलूस में शामिल लोगों और राहगीरों के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की गई। फिल्म निर्देशक सैम खान, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अयाज खान तथा सभासद अफाक द्वारा अलग-अलग स्थानों पर पानी और शीतल पेय की व्यवस्था कराई गई, जिसकी लोगों ने सराहना की।
नगर पंचायत ने की साफ-सफाई, पानी का टैंकर भी चला साथ
नगर पंचायत बेलहरा ने मोहर्रम जुलूस को देखते हुए पूरे मार्ग पर विशेष साफ-सफाई कराई। गर्मी से राहत दिलाने के लिए जुलूस के साथ पानी का टैंकर भी चलता रहा, जिससे अजादारों को लगातार पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मोहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए थाना अध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया तथा चौकी प्रभारी अरविंद पटेल पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे। पुलिस टीम जुलूस के आगे और पीछे चलकर सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रही और आवश्यक दिशा-निर्देश देती रही।
आसपास के क्षेत्रों में भी शांतिपूर्ण ढंग से निकले जुलूस
बेलहरा के अलावा सूरतगंज, मोहम्मदपुर खाला, लालपुर करौता और छेदा सहित आसपास के क्षेत्रों में भी आशूरा के जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुए। बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर हजरत इमाम हुसैन (रज़ि.) और कर्बला के शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
रिपोर्ट – प्रिंस सोनी











