बाराबंकी में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट: गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप, पति समेत तीन पर केस
शादी के तीन महीने बाद शुरू हुई दहेज प्रताड़ना
दो लाख रुपये और सोने की चेन की मांग का आरोप
पड़ोसियों ने बचाई जान, पुलिस ने शुरू की जांच

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 28 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने तथा गला दबाकर हत्या की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विवाह के कुछ माह बाद शुरू हुई प्रताड़ना
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नन्दना कलां निवासी 21 वर्षीय सोनी पुत्री उदयराज ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका मायका ग्राम कटहली मजरे भयारां, तहसील नवाबगंज जनपद बाराबंकी में है। उसका विवाह 11 मई 2025 को हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार विवेक कुमार पुत्र अनिल कुमार निवासी नन्दना कलां के साथ हुआ था।
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के करीब तीन महीने बाद से ही पति विवेक कुमार, सास किरन देवी और परिवार के अन्य सदस्य दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि आए दिन उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
दो लाख नकद और सोने की चेन की मांग
विवाहिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लगातार उसके मायके से दो लाख रुपये नकद और एक सोने की चेन लाने का दबाव बना रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।
पीड़िता के अनुसार आरोपी कहते थे कि यदि दहेज की मांग पूरी नहीं हुई तो उसे जिंदा जला दिया जाएगा और घटना को आत्महत्या का रूप दे दिया जाएगा।
गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
पीड़िता ने बताया कि 25 मई 2026 को आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से उसकी हत्या करने का प्रयास किया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान लेने की कोशिश की गई। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
घटना में घायल हुई विवाहिता का सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। पीड़िता के शरीर पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुका था समझौता
शिकायत के अनुसार, इससे पहले भी गांव के प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और प्रताड़ना जारी रही।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता की तहरीर पर फतेहपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति विवेक कुमार, सास किरन देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – अनूप सिंह

















