बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय जयचंदपुर में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कोई शिक्षक नहीं पहुंचा।
स्कूल पहुंचे बच्चे शिक्षकों का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 12 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय जयचंदपुर में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे तक विद्यालय में कोई भी शिक्षक नहीं पहुंचा था, जबकि बच्चे स्कूल पहुंचकर अध्यापकों का इंतजार करते रहे।
विद्यालय में तैनात रसोइया गीता देवी और जुगरा ने बताया कि स्कूल का ताला सुबह लगभग 7:30 बजे खोल दिया गया था। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कुल तीन शिक्षक तैनात हैं, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचा।

“जाम में फंसे हैं शिक्षक” — रसोइयों ने दी सफाई
रसोइयों के अनुसार जब शिक्षकों से फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वे रास्ते में जाम में फंसे हुए हैं। हालांकि स्कूल पहुंचे बच्चों और अभिभावकों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्यालय परिसर में बच्चे शिक्षकों के इंतजार में बैठे नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है और अक्सर विद्यालय में शिक्षक समय से नहीं पहुंचते, जिससे बच्चों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने उठाए शिक्षा व्यवस्था पर सवाल
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ शिक्षकों की लापरवाही पूरी व्यवस्था की छवि खराब कर रही है।
ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर शिक्षक विद्यालय नहीं पहुंचेंगे तो बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी और ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी से नहीं हो सका संपर्क
मामले को लेकर जब खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। अब ग्रामीणों को शिक्षा विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद













