Barabanki: ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर महिला की मौत
बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक फिसलने से महिला की कुचलकर मौत। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 06 फरवरी 2026
बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई, जहां ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करते समय बाइक फिसलने से उस पर सवार महिला की ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जनपद बहराइच के थाना जरवल रोड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भिज्जुपुरवा निवासी 55 वर्षीय नगीना पत्नी शिवचरण शुक्रवार को अपने पुत्र के साथ बाइक से महादेवा–बिंदौरा–परसपुर मार्ग होते हुए घर लौट रही थी। जब वे बिंदौरा परसपुर गांव के पास पहुंची, तभी सामने चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे फैले कीचड़ में बाइक फिसल गई।

ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए के नीचे आया सिर
बाइक फिसलते ही महिला असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और उनका सिर ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि बाइक चला रहा महिला का पुत्र बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में लिया
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय और महादेवा चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया, जबकि आवश्यक कार्रवाई करने के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
महिला की मौत की खबर परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी















