Barabanki News: बाराबंकी के रसौली गांव में बिना अनुमति और नक्शा पास कराए की जा रही अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की।
बुलडोजर चलाकर सड़कें, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस ध्वस्त कर दिए गए।
कार्रवाई के बाद प्रॉपर्टी कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 05 अगस्त 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रसौली गांव में बिना अनुमति और नक्शा पास कराए विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रॉपर्टी कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के आदेश पर सदर तहसील प्रशासन द्वारा की गई।
बिना अनुमति विकसित की जा रही थी कॉलोनी
जानकारी के अनुसार, सदर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत रसौली में सन सूर्या इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रमोद कुमार द्वारा बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति एवं बिना लेआउट नक्शा स्वीकृत कराए बड़े पैमाने पर प्लाटिंग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने मौके पर जांच की, जिसमें प्लाटिंग पूरी तरह अवैध पाई गई।
इन गाटा संख्याओं पर हो रही थी अवैध प्लाटिंग
जांच में पाया गया कि निम्न गाटा संख्याओं पर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी—
- गाटा संख्या 1874 (0.295 हेक्टेयर)
- गाटा संख्या 1845 (0.076 हेक्टेयर)
- गाटा संख्या 1961 (0.246 हेक्टेयर)
- गाटा संख्या 1965 (0.203 हेक्टेयर)
- गाटा संख्या 1967 (0.739 हेक्टेयर)
इसके अलावा नाली की भूमि (गाटा संख्या 1890) पर भी अवैध निर्माण एवं प्लाटिंग किए जाने की पुष्टि हुई।
बुलडोजर से तोड़ी गई सड़कें, बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस
जांच रिपोर्ट के आधार पर उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान—
- अवैध रूप से बनाई गई सड़कें ध्वस्त की गईं।
- बाउंड्री वॉल तोड़ी गई।
- साइट ऑफिस पर बुलडोजर चलाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति की जा रही प्लाटिंग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान—
- नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय
- राजस्व निरीक्षक लक्ष्मी नारायण गुप्ता
- लेखपाल मनोज कुमार
- लेखपाल अजय कुमार चौहान
सहित राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।
प्रॉपर्टी कारोबारियों में मचा हड़कंप
रसौली में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में बिना स्वीकृति प्लाटिंग करने वाले प्रॉपर्टी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी अवैध कॉलोनियों और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद












