Barabanki:
बाराबंकी के सफदरगंज चौराहे पर चोरों का तांडव, ज्वेलर्स व कम्पॉजिट शराब की दुकान में चोरी। लाखों के जेवरात, नगदी और महंगी शराब ले उड़े चोर, CCTV का DVR भी गायब। पुलिस जांच में जुटी।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश।
बाराबंकी जिले के सफदरगंज चौराहे पर बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर तांडव मचाया। बदोसराय मार्ग पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान और पास ही स्थित कम्पॉजिट शराब की दुकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने ताले तोड़कर और सेंधमारी कर भारी मात्रा में जेवरात, नगदी और महंगी शराब पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि पहचान से बचने के लिए चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
शटर का ताला तोड़ ज्वेलर्स शॉप में घुसे बेख़ौफ़ चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अजपुरा निवासी विक्की सोनी पुत्र घनश्याम सोनी की सफदरगंज-बदोसराय मार्ग पर सफदरगंज चौराहे के पास ज्वेलर्स की दुकान है। बीती रात अज्ञात चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर भीतर घुस गए और 12 जोड़ी चांदी की पायल, 50 नाक की कील, 40 चांदी की अंगूठियां समेत गल्ले में रखी नगदी चोरी कर ली।

कम्पॉजिट शराब की दुकान में भी लगाई सेंध
इसी क्रम में चोरों ने थोड़ी दूरी पर स्थित दीपक कुमार पुत्र बाल गोविंद की कम्पॉजिट शराब की दुकान में भी सेंध लगाई। यहां से चोर 15 हजार 760 रुपए की नगदी के साथ एलीफेंट ब्रांड की 3 कैन, किंगफिशर की 6 कैन, रॉयल स्टैग 375 एमएल की 3 बोतल, बकार्डी लेमन 750 एमएल की 1 बोतल और ब्लेंडर्स रिजर्व कलेक्शन 90 एमएल की 8 बोतले चोरी कर ले गए।

CCTV कैमरों का डीवीआर भी ले उड़े
बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से बचने के लिए डीवीआर भी निकाल लिया, जिससे पुलिस के लिए सुराग जुटाना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
पीड़ित दुकानदारों ने सफदरगंज थाने में दी तहरीर
सुबह जब दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित दुकानदारों ने सफदरगंज थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चोरों की धरपकड़ के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद















