Barabanki

Barabanki: सीएम योगी के लोधेश्वर महादेवा दौरे से पहले प्रशासन की अग्निपरीक्षा, बारिश बनी सबसे बड़ी चुनौती; युद्ध स्तर पर तैयारियां, पूरे दिन मौके पर डटे रहे डीएम-एसपी

SHARE:

Barabanki News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जुलाई को प्रस्तावित लोधेश्वर महादेवा दौरे से पहले बारिश के बीच प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा।

मंच, हेलीपैड, सुरक्षा, पार्किंग और विकास प्रदर्शनी की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 19 जुलाई 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित लोधेश्वर महादेवा दौरे को लेकर बाराबंकी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री सोमवार, 20 जुलाई 2026 को प्रसिद्ध श्री लोधेश्वर महादेव धाम पहुंचकर निर्माणाधीन लोधेश्वर महादेव कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे, करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

हालांकि, कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की रफ्तार पर असर डाला। इसके बावजूद रविवार को भी अधिकारी पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे और युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।

बारिश के बीच मंच, हेलीपैड और जनसभा स्थल को तैयार करने में जुटा प्रशासन

मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए मंदिर परिसर के पीछे स्थित मेला मैदान में विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। मंच निर्माण का कार्य रविवार देर शाम तक चलता रहा। मंच के सामने दाहिनी ओर मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए हेलीपैड बनाया गया है।

यह भी पढ़ें  Barabanki: शराब के नशे में धुत जीजा ने डंडे से पीट-पीटकर की साले की हत्या, जानिए किस बात पर हुआ था विवाद 

रविवार तड़के शुरू हुई बारिश के कारण पूरे कार्यक्रम स्थल पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई। ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती कार्यक्रम स्थल को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना रही।

कीचड़ से निपटने के लिए बिछाई गई प्लाईवुड और खड़ंजा

बारिश के चलते कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह पानी भर गया, जिससे जनसभा की तैयारियों में बाधा उत्पन्न हुई। स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने मंच के सामने और बैठने वाले क्षेत्र में प्लाईवुड बिछाई, जबकि हेलीपैड से मंच तक मुख्यमंत्री के आवागमन के लिए पूरे दिन खड़ंजा लगाने का कार्य चलता रहा।

इसके अलावा जहां-जहां जलभराव हुआ, वहां बालू डालकर जमीन को समतल किया गया। हेलीपैड पर पहले बालू और प्लास्टिक शीट बिछाई गई, उसके बाद ऊपर से खड़ंजा लगाया गया ताकि बारिश के बावजूद आवागमन प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी और एएसपी पूरे दिन मौके पर डटे रहे

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी स्वयं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, सफाई, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की।

सभी विभागों को निर्धारित समय के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें  Barabanki: अफवाहों के चलते पेट्रोल-डीजल की बिक्री में ढाई गुना उछाल, कई पंप हुए ड्राई; डीएम ने समीक्षा बैठक कर पर्याप्त स्टॉक होने का किया दावा

महादेवा क्षेत्र में सजाई जा रही विकास प्रदर्शनी, लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम स्थल पर बुलाया गया है, जिन्हें मुख्यमंत्री स्वयं लाभान्वित करेंगे।

इसके अलावा पूरे महादेवा क्षेत्र की सड़कों की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन का कार्य भी अंतिम चरण में है। बारिश को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर वॉटरप्रूफ पंडाल लगाया गया है।

लगातार बारिश बनी चिंता, जल निकासी की व्यवस्था पर उठे सवाल

हालांकि प्रशासन ने बारिश से निपटने के लिए कई वैकल्पिक इंतजाम किए हैं, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर स्थायी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार बारिश होने पर जलभराव की आशंका बनी हुई है। यदि मौसम ने साथ नहीं दिया तो प्रशासन को अतिरिक्त संसाधन लगाने पड़ सकते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस अधिकारियों की हुई विशेष बैठक

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम में ड्यूटी पर लगाए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ऑडिटोरियम में बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

यह भी पढ़ें  Barabanki: संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला 15 वर्षीय किशोर का शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

सुरक्षा कारणों से हटाए गए कई नेताओं के होर्डिंग्स 

मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर पूरे महादेवा क्षेत्र में मंत्री, विधायक और भाजपा नेताओं द्वारा बड़ी संख्या में स्वागत होर्डिंग लगाए गए हैं। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर कार्यक्रम स्थल, मंच और हेलीपैड के आसपास लगाए गए कई बड़े होर्डिंग प्रशासन ने हटवा दिए।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

रिपोर्ट – निरंकार त्रिवेदी 

Barabanki News: उधार के 10 हजार लौटाने के बहाने बुलाया, फिर लोहे की सरिया से किया जानलेवा हमला; नगदी और बाइक लूटकर फरार हुए दबंग

संबंधित खबरें
Kamran Alvi
Author: Kamran Alvi

18451
🗳️ जनता की राय | यूपी 2027

2027 में आप किसे उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई