बाराबंकी में जनगणना-2027 के तहत मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्य की शुरुआत हो गई है।
अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने फील्ड में पहुंचकर निरीक्षण किया।
जिले में 6043 प्रगणक और 1014 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 22 मई 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्य का औपचारिक शुभारंभ कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशन में शुरू हुए इस महत्वपूर्ण अभियान का स्थलीय निरीक्षण जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह द्वारा किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने फील्ड में पहुंचकर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया और जनगणना कार्य की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर के आजाद नगर वार्ड स्थित वर्मा कोठी एवं स्वर्गीय केडी सिंह बाबू की पुश्तैनी हवेली पहुंचकर मकानों के सूचीकरण एवं गणना कार्य का निरीक्षण किया।

“हर जानकारी पूरी सावधानी और पारदर्शिता से दर्ज करें” — एडीएम
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह ने गणना कार्य में लगे कर्मचारियों से संवाद करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक भवन एवं परिवार से जुड़ी जानकारी पूरी शुद्धता, सावधानी और पारदर्शिता के साथ दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि भारत की जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय प्रक्रियाओं में शामिल है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है, संसाधनों का वितरण करती है तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की नीति बनाती है।
सुपरवाइजरों को नियमित निगरानी के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि फील्ड में कार्यरत प्रगणकों की नियमित निगरानी की जाए। यदि किसी भी स्तर पर त्रुटि पाई जाती है तो तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना कार्य के दौरान आमजन के साथ शिष्ट एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखा जाए तथा लोगों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए।

आमजन से प्रशासन की अपील, सही जानकारी दें
प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और इनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं एवं सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
जिले में 6043 प्रगणक और 1014 सुपरवाइजर तैनात
जनपद बाराबंकी में जनगणना कार्य को सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 6043 प्रगणक और 1014 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। सभी प्रगणक अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं गणना कार्य कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नवाबगंज भूपेंद्र विक्रम सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नवाबगंज संजय शुक्ला सहित संबंधित प्रगणक एवं सुपरवाइजर मौजूद रहे।
रिपोर्ट – मंसूफ अहमद














