Barabanki: शाहाबपुर टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अनियमितताओं और टोल कर्मचारियों की अभद्रता के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासन और टोल प्रबंधन के साथ वार्ता में सहमति बनने पर धरना स्थगित कर दिया गया।

बाराबंकी, उत्तर प्रदेश | 09 मार्च 2026
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शाहाबपुर स्थित टोल प्लाजा का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया। किसान संगठन के पदाधिकारियों का आरोप था कि टोल प्लाजा पर कई प्रकार की अनियमितताएं हो रही हैं और टोल कर्मचारी वाहन मालिकों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं।
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। करीब दो घंटे तक चले धरना प्रदर्शन के बाद प्रशासन और टोल प्रबंधन के साथ वार्ता हुई, जिसके बाद धरना स्थगित कर दिया गया।

एक सप्ताह पहले प्रशासन को दी गई थी चेतावनी
जानकारी के अनुसार गोंडा-बहराइच रोड पर स्थित शाहाबपुर टोल प्लाजा की व्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष बंकी रामानन्द वर्मा ने एक सप्ताह पहले जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी।
अनियमितताओं और अभद्रता का लगाया आरोप
शिकायत पत्र में टोल कर्मचारियों द्वारा वाहन मालिकों से कथित अभद्र व्यवहार और टोल संचालन में अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 9 फरवरी को टोल प्लाजा का घेराव कर धरना दिया जाएगा।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला धरना
सोमवार सुबह से ही भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता शाहाबपुर टोल प्लाजा पर जुटने लगे। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया।
भाकियू नेताओं ने प्रबंधन पर लगाए आरोप
धरने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द वर्मा ने सैकड़ों किसानों को संबोधित करते हुए टोल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।

वार्ता के बाद स्थगित हुआ धरना
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत की मौजूदगी में टोल प्रबंधन और किसान नेताओं के बीच वार्ता हुई।
प्रबंधन ने सुधार का दिया आश्वासन
इस वार्ता में टोल प्रबंधन की ओर से जीएम महेश मिश्रा और टोल मैनेजर अवनीश मित्रा मौजूद रहे, जबकि किसान संगठन की ओर से मंडल अध्यक्ष अनुपम वर्मा समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा के दौरान टोल प्रबंधन ने भविष्य में व्यवस्थाओं में सुधार और शिकायतों के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसान नेताओं ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।

धरने में इन पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
धरना प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष अनुपम वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष रामानन्द वर्मा, महामंत्री राम सेवक रावत, ओम प्रकाश, सतीश वर्मा, शिव नारायण सिंह, विशेष कुमार, धीरेन्द्र कुमार, शाहिद अली, राजेश वर्मा, अभिषेक, नौमी और राजू सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
रिपोर्ट – नूर मोहम्मद












